मगर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और पार्टी के संचार प्रमुख जयराम रमेश ने रविवार को कहा कि नड्डा की बातों का कोई मतलब नहीं है। यह सिर्फ डैमेज कंट्रोल है। दुबे के बयानों पर, जिन्हें बीजेपी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने भी दोहराया, जयराम रमेश ने कहा कि ये सांसद नफरत फैलाने वाले भाषण देने में माहिर हैं। उन्होंने कहा कि इन सांसदों को अक्सर समुदायों, संस्थानों और व्यक्तियों पर अटैक करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
कॉरपोरेट नौकरी के बाद बीजेपी जॉइन की
देवघर में जन्मे और जनसंघ के नेता के भतीजे दुबे शुरुआत में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे। कॉरपोरेट जगत में कुछ समय बिताने के बाद 56 साल के दुबे ने 2009 में राजनीति में कदम रखा। तब से वह झारखंड के गोड्डा से लगातार चौथी बार लोकसभा सदस्य चुने गए हैं।
बीजेपी की पहली पसंद
बहरहाल, कांग्रेस को नड्डा के ‘डैमेज कंट्रोल’ में कोई दम नहीं दिख रहा है। कांग्रेस पूछ रही है कि बीजेपी सांसदों द्वारा न्यायपालिका पर हमला करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी चुप क्यों हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक, दुबे अक्सर विपक्षी नेताओं पर निशाना साधने में सबसे आगे रहे हैं। पिछले कुछ सालों में, दुबे बीजेपी की पहली पसंद रहे हैं। वह बड़ी बहसों की शुरुआत करते हैं या विपक्ष पर हमला करते हैं। 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पर बहस के दौरान उन्हें अचानक मुख्य वक्ता के तौर पर चुना गया। सबको उम्मीद थी कि बीजेपी अपनी किसी महिला सांसद को आगे करेगी।
…जब बीजेपी के ढाल बने
उसी महीने, जब बीजेपी अपने लोकसभा सांसद रमेश बिधूड़ी द्वारा साथी सांसद दानिश अली के बारे में की गई अपमानजनक टिप्पणियों से हुए नुकसान को कम करने की कोशिश कर रही थी, तब दुबे फिर से पार्टी का बचाव करते हुए आगे आए। उन्होंने कई ऐसे मौके बताए जब विपक्षी नेताओं ने ‘अनुचित टिप्पणियां’ की थीं। उन्होंने मांग की कि ‘सदन के अन्य सदस्यों द्वारा चंद्रयान 3 मिशन पर चर्चा के दौरान की गई बातों की जांच के लिए एक समिति’ बनाई जाए। इसी चर्चा के दौरान बिधूड़ी ने अपमानजनक बातें कही थीं।
दुबे ने यह कहकर अपने पार्टी सहयोगी का बचाव किया कि उन्हें उकसाया गया था। कुछ महीने पहले भी दुबे ने कांग्रेस पर निशाना साधा था। बीजेपी सांसद ने कहा था कि कांग्रेस के नेता 2017 में डोकलाम संकट के दौरान एक विदेशी शक्ति के प्रतिनिधियों से बात कर रहे थे। उनका इशारा चीन की ओर था। पहले तो दुबे के बयान को हटा दिया गया, लेकिन बाद में उसे फिर से शामिल कर लिया गया। कांग्रेस ने कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ और यह एक ‘असाधारण घटना’ है।
राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोला
इस साल फरवरी में, दुबे ने राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोला। राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देते हुए एक विवाद खड़ा कर दिया था। दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही शुरू करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी ने ‘शर्मनाक तरीके से ऐतिहासिक और वास्तविक तथ्यों को तोड़ा-मरोड़ा’ और ‘हमारे देश का मज़ाक उड़ाने और हमारे गणतंत्र की प्रतिष्ठा को कम करने की कोशिश’ की। राहुल गांधी ने, केंद्र सरकार की विदेश नीति पर बात करते हुए कहा था कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर को ‘तीन या चार बार’ अमेरिका भेजा गया था ताकि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश में आमंत्रित करे।

