दुबई से दिल्ली आ रही एक SpiceJet फ्लाइट में 148 यात्रियों का सामान लापता होने की खबर सामने आई है. यात्रियों के मुताबिक, सामान बेल्ट पर बिल्कुल नहीं आया, जिससे विमान से बाहर निकलते ही हंगामा शुरू हो गया. इस मामले में यात्रियों से एयरलाइन द्वारा फॉर्म भरा गया और उन्हें आश्वस्त किया गया कि अगली फ्लाइट से उनका सामान पहुंचाया जाएगा.
पहले भी हुई ऐसी घटनाएं
स्पाइसजेट की इस फ्लाइट में कुल 148 बैग गायब हुए हैं. यात्रियों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं पहले भी हुई हैं, लेकिन हाल ही में बढ़ते मामलों ने एयरलाइन की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा कर दिया है. पहले भी कई यात्रियों ने शिकायत की थी कि उनके बैग समय पर नहीं पहुंचे या पूरी तरह से खो गए. ऐसे मामलों में यात्रियों को फॉर्म भरना पड़ता है और सामान मिलने में कई दिनों का समय लग सकता है. एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि यात्रियों के सामान की हानि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. हम सभी यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि BIR फॉर्म भरें ताकि हम अगले उपलब्ध फ्लाइट में सामान पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर सकें.”
स्पाइसजेट ने क्या बताया
स्पाइसजेट एयरलाइंस का कहना है कि खराब मौसम की परिस्थितियों में विमानों को अतिरिक्त ईंधन लेकर उड़ान भरनी पड़ती है. इस वजह से टेक-ऑफ लोड पर प्रतिबंध लग जाता है, जिसके चलते कई बार यात्रियों के सामान को विमान से उतारना (offload) पड़ता है. एयरलाइंस ने बताया कि यह एक ग्लोबल फेनोमिना है, जिसे दुनिया भर में अपनाया जाता है. स्पाइसजेट ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि जिनका सामान उतारा गया है, वह पूरी तरह सुरक्षित है और उसे अगली उपलब्ध उड़ान से उनके गंतव्य तक पहुंचा दिया जाएगा.
सामान खो जाने की स्थिति में क्या करें
- विशेषज्ञों का कहना है कि अगर किसी यात्री के साथ ऐसी स्थिति होती है, तो उन्हें तुरंत एयरलाइन काउंटर पर संपर्क करना चाहिए और Baggage Irregularity Report भरनी चाहिए. फॉर्म में सभी विवरण जैसे नाम, संपर्क नंबर, बैग की संख्या और वजन, सामग्री आदि सही-सही भरना जरूरी है.
- इसके अलावा, यात्रियों को बैग की फोटो, टिकट, और लेबल नंबर को सुरक्षित रखना चाहिए. यदि सामान पूरी तरह गायब हो जाता है, तो एयरलाइन के पास दावा (claim) दर्ज कराने का विकल्प होता है.
- एयरलाइन आमतौर पर सामान की अनुमानित लागत और नुकसान के आधार पर दावा को मंजूरी देती है. यात्रियों को ध्यान रखना चाहिए कि हवाई यात्रा के दौरान सामान खो जाने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में एयरलाइन की जिम्मेदारी सीमित होती है, और उन्होंने फॉर्म भरने के बाद ही दावा दर्ज कराना होता है.
- एयरलाइन यात्रियों को यह भी आश्वस्त करती है कि अगली फ्लाइट में आपका सामान पहुंचाया जाएगा. यदि बैग क्षतिग्रस्त या खो गया है, तो आप अपने दावे के आधार पर मुआवजा पा सकते हैं.
पूर्व घटनाओं का हवाला
पहले भी कई बार यह देखा गया है कि दुबई और अन्य अंतरराष्ट्रीय हब से आने वाली फ्लाइट्स में बैग लापता हो जाते हैं. विशेषकर व्यस्त हवाई अड्डों पर चेक-इन प्रक्रिया और सामान लोडिंग के दौरान त्रुटियों की वजह से यह समस्या सामने आती है. विशेषज्ञ बताते हैं कि अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स में सामान के लेबल, ट्रैकिंग और स्क्रीनिंग सिस्टम में सुधार की जरूरत है. अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का कहना है कि सामान खो जाने से केवल वित्तीय नुकसान ही नहीं होता, बल्कि यात्रा का अनुभव भी खराब होता है. कई बार जरूरी दवाइयां, व्यक्तिगत सामग्री और कपड़े बैग में ही रखे होते हैं. ऐसे में एयरलाइन की समय पर मदद और स्पष्ट निर्देश यात्रियों के लिए बहुत जरूरी होते हैं.
यात्रियों ने क्या बताया
प्लेन में यात्रा कर रहे प्रथम चौधरी ने कहा, हमें एयरलाइन ने आश्वासन दिया कि हमारा सामान अगली फ्लाइट से आएगा. लेकिन इस बीच यात्रियों को मानसिक तनाव और असुविधा का सामना करना पड़ा. हालांकि 148 यात्रियों में से अधिकांश ने एयरलाइन स्टाफ के व्यवहार को उचित बताया, लेकिन कुछ ने यह भी शिकायत की कि उन्हें पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई और स्थिति संभालने में काफी समय लगा. यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी शिकायतें साझा की हैं और अन्य यात्रियों को भी सावधान रहने की सलाह दी है.

