नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बेंगलुरु के अतुल सुभाष केस की तरह ही मामला सामने आया है। दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में एक शख्स ने पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड से पहले शख्स ने 54 मिनट का वीडियो भी बनाया। मृतक के परिवार ने उनकी पत्नी और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने वीडियो को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।
सुसाइड से पहले रेकॉर्ड किया वीडियो
जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम पुनीत खुराना है। परिवार का कहना है कि वह अपनी पत्नी मनिका पाहवा से परेशान था। पुनीत और मनिका का डायवोर्स केस चल रहा है। कहा जा रहा है कि दोनों सहमति से इस रिश्ते से अलग हो रहे थे। लेकिन अचानक पुनीत ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जांच पुलिस कर रही है। परिवारवालों का कहना है कि पुलिस ने पुनीत द्वारा रेकॉर्ड किया वीडियो भी जब्त कर लिया है।

