Last Updated:
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर बधाई संदेश भेजा. उन्होंने पीएम मोदी की अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना की. पीएम मोदी ने भी फौरन उनका शुक्रिया अदा किया. हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स समिट से तारिक रहमान ने दूरी बनाई थी. ऐसे में उनके इस संदेश को दोनों देशों के कूटनीतिक रिश्तों में नरमी के तौर पर देखा जा रहा है.
पीएम मोदी के बर्थडे पर ढाका से आया खास संदेश. (File Photos : Reuters)
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दुनिया भर से बधाई संदेश आ रहे हैं. पड़ोसी देश बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी को टैग करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं भेजीं. उन्होंने पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और भारतीय जनता की निरंतर सेवा की कामना की. इसके जवाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तारिक रहमान का आभार जताया. नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स समिट से ठीक पहले तारिक रहमान की गैरमौजूदगी ने कई कूटनीतिक सवाल खड़े किए थे. उस पृष्ठभूमि को देखते हुए जन्मदिन का यह शिष्टाचार संदेश दोनों देशों के द्विपक्षीय समीकरणों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.
ब्रिक्स समिट से दूरी के बाद अचानक पिघली बर्फ?
हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में तारिक रहमान शामिल नहीं हुए थे. समिट के दौरान उनका दिल्ली न आना कई तरह की राजनीतिक अटकलों को हवा दे गया था. कूटनीतिक हलकों में इसे दोनों देशों के बीच उपजी दूरी के तौर पर आंका गया था. लेकिन अब पीएम मोदी के जन्मदिन पर तारिक रहमान की यह पहल दिखाती है कि रिश्ते पूरी तरह ठंडे बस्ते में नहीं हैं. दोनों नेताओं के बीच सार्वजनिक स्तर पर हुआ यह संवाद रिश्तों में तनाव घटाने की कोशिश मानी जा रही है.

