Last Updated:
Bihar Politics News: बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनाने के लिए लालू प्रसाद यादव एक तरह से चुनावी अभियान पर निकल चुके हैं. इस क्रम में लालू यादव ने छपरा में राजद कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर तेजस्वी यादव के नेत…और पढ़ें
छपरा के एकमा में लालू यादव.
हाइलाइट्स
- अपने पुराने घर में मजबूत वापसी के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट कर रहे लालू यादव.
- आरजेडी के गढ़ छपरा में इस बार अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट कर पाएंगे लालू यादव?
- कार्यकर्ताओं से बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनाने की लालू प्रसाद यादव की अपील.
छपरा. अगर तेजस्वी के नेतृत्व में सरकार बनी तो नया बिहार बनाएंगे.. राजद अध्यक्ष लालू यादव ने यह बात छपरा के एकमा के राजद विधायक श्रीकांत यादव के आवास पर कही. यहां हुई एक बैठक में लालू यादव समेत महागठबंधन के कई नेता इसमें शामिल हुए. इसी क्रम बैठक को संबोधित करते हुए आरजेडी सुप्रीमो ने कहा कि हमने सारण के विकास के लिए बहुत किया है औ आगे भी करेंगे. उन्होंने कहा कि सारण के विकास के लिए उद्योग के रूप में रेल पहिया, रेल इंजन कारखाना, इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज को स्थापित किया और अगर अब तेजस्वी की सरकार बनी तो नया बिहार बनाएंगे. इस दौरान लालू यादव ने श्रीकांत यादव को सरल स्वभाव का नेता बताया और लोगों से अपील की कि आगामी बिहार विधानसभा में उन्हें जीत दिलाएं.
बता दें कि बीमारी के बावजूद छपरा में लालू यादव के जनसंपर्क अभियान से कार्यकर्ताओं में भले ही जोश और उत्साह दिख रहा है, लेकिन हाल के दिनों के चुनाव अभियान को देखें तो छपरा में लालू का जादू नहीं चल सका है. लालू यादव अपनी बेटी रोहिणी आचार्य के चुनाव के छपरा में कैंप कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद रोहिणी चुनाव हार गईं. इसके पहले लालू यादव और राबड़ी देवी भी छपरा से चुनाव हार चुके हैं. यादवों के वोट के बदौलत छपरा से चुनाव जीते रहे लालू एक बार फिर यादव वोटरों को एकजुट करने में जुट गए हैं. यही कारण है कि एकमा से यादव जाति के विधायक श्रीकांत यादव के बुलावे पर लालू यादव एकमा पहुंचे जहां उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के गुर सिखाए.
आरजेडी विधायक ने क्या कहा
लालू यादव मीडिया से बात करने से बचते रहे, लेकिन विधायक श्रीकांत यादव ने जरूर कहा कि छपरा से लालू यादव का स्नेह कभी कम नहीं हुआ. लालू यादव की बेटी रोहिणी यादव इस बार छपरा से सांसद के लिए चुनाव लड़ी थीं और बीजेपी के राजीव प्रताप रूडी को कड़ी टक्कर भी दी थी. लेकिन, मामूली अंतर से वह चुनाव हार गईं. इस अंतर को कम करने के लिए लालू ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने की अपील की और कहा कि देश में मोदी का मैजिक खत्म हो गया है और जनता सच्चाई को समझ आ गई है. बता दें कि हाल ही में तेजस्वी भी छपरा के किसानों के बीच जनसंपर्क करते दिखाई दिए थे और अपने पिता का हवाला देकर लोगों से चुनाव में मदद की अपील भी की थी. यहां यह स्पष्ट है कि लालू यादव छपरा के विधानसभा चुनाव के केंद्र में रहेंगे.
तेजस्वी की योजनाओं का गुणगान
लालू यादव ने यहां बैठक में बिहार की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी पर चिंता जताई. उन्होंने तेजस्वी यादव के प्रस्तावित माई बहन मान योजना के तहत ₹2500 प्रति माह सम्मान देने के वादे को दोहराया. वहीं 200 यूनिट बिजली फ्री देने, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और विकलांग पेंशन में ₹400 से बढ़कर ₹1500 करने का के प्रस्ताव की बात को भी जनता के बीच कहा. घरेलू गैस सिलेंडर को ₹400 दिए जाने की बात भी लालू यादव ने कही. उन्होंने तेजस्वी यादव के 17 महीने के सरकार का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि 4,50,000 की नौकरी इस दौरान दी गई. उन्होंने यह भी कहा कि नियोजित शिक्षकों को भी नियमित शिक्षक के रूप में दर्जा दिया गया.
छपरा से लालू यादव का विशेष लगाव
बता दें कि राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत छपरा से की थी. 1977 में, वह केवल 29 साल की उम्र में छपरा से लोकसभा के सदस्य चुने गए थे. यह उनकी पहली बड़ी राजनीतिक जीत थी और इससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली. इसके बाद, उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष बने. लालू यादव का छपरा से जुड़ाव उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत और उनकी सफलता का प्रतीक है. यही कारण है कि लालू यादव का छपरा से गहरा लगाव है. अब जब बिहार विधानसभा का चुनाव की तैयारियां शुरू हो गईं हैं तो वह छपरा पहुंचे और राजद कार्यकर्ताओं से संवाद किया. इस बार चुनाव में लालू यादव कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए एक्टिव दिख रहे हैं. यही कारण है कि बीमार होने के बावजूद जब छपरा के एकमा विधायक श्रीकांत यादव ने बुलाया तो वह वहां पहुंच गए और कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का मंत्र दिया.
March 02, 2025, 08:28 IST

