Last Updated:
गुजरात का बनासकांठा इलाका इन दिनों चर्चा के केंद्र में बना हुआ है. बीते आठ महीनों में यह तीसरा मौका है, जब पीएम नरेंद्र मोदी इस इलाके का दौरा कर रहे है. अगले साल गुजरात में होने वाले चुनाव को लेकर बीजेपी बनासकांठा से कौन सी रणनीति तैयार कर रही है, सभी सवालों के जवाब जानने के लिए पढ़े आगे.
बीते आठ महीनों में तीसरी बार पीएम मोदी गुजरात के बनासकांठा के दौरे पर पहुंच रहे हैं. (फाइल फोटो)
PM Modi’s Visit to Banaskantha: गुजरात में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बनासकांठा पर लगातार फोकस चर्चा में है. प्रधानमंत्री मार्च से अभी तक इस इलाके का दो बार दौरा कर चुके हैं और अब शनिवार यानी 14 नवंबर को एक बार फिर बनासकांठा पहुंच रहे हैं. इस बार पीएम मोदी अंबाजी मंदिर में मां अंबा के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे. ये कार्यक्रम लाभ पंचमी के अवसर पर हो रहा है. लेकिन पीएम मोदी के लगातार बनासकांठा पहुंचने की कहानी सिर्फ धार्मिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है. इसके पीछे इलाके का राजनीतिक और सामाजिक महत्व भी है.
दरअसल, इसी साल 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनासकांठा के दौरे पर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था. पीएम ने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर को देश को समर्पित किया, पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की और दो ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई. इससे पहले 31 मार्च 2026 को भी पीएम मोदी बनासकांठा पहुंचे थे. यहां उन्होंने करीब 20 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की थी. इस दौरान सड़क, रेलवे, ऊर्जा और आवास से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया था.
बनासकांठा में क्या है पीएम मोदी का कार्यक्रम और उसके मायने
- अब 14 नवंबर को एक बार फिर पीएम मोदी का बनासकांठा दौरा हो रहा है. इस बार अंबाजी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम है. लगातार हो रहे इन दौरों के बीच 2027 विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात की राजनीति में इसके मायने तलाशे जा रहे हैं.
- दरअसल, 2024 के लोकसभा चुनाव में गुजरात की 26 सीटों में से बीजेपी को 25 सीटों पर जीत मिली थी, लेकिन बनासकांठा सीट पर कांग्रेस की गेनीबेन ठाकोर ने बीजेपी की रेखा चौधरी को हराया था. गुजरात में बीजेपी की लगातार जीत के बीच ये इकलौती सीट थी, जहां पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था.
- यही वजह है कि बनासकांठा को बीजेपी के लिए राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. अब 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने गुजरात में संगठन को सक्रिय करने की तैयारी भी शुरू कर दी है.
- सूत्रों के अनुसार, 22 नवंबर को राज्य की सभी 182 विधानसभा सीटों पर एक साथ नववर्ष स्नेहमिलन कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है. पार्टी ने विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और प्रदेश अध्यक्ष इन कार्यक्रमों को वर्चुअली संबोधित करेंगे.
क्या राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की है कोशिश?
ऐसे में पीएम मोदी के बनासकांठा दौरे, विकास परियोजनाओं और बीजेपी के राज्यव्यापी संगठनात्मक कार्यक्रमों को एक साथ देखें तो साफ है कि गुजरात में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की गतिविधियां तेज हो रही हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बीजेपी 2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान बनासकांठा में मिली हार से सबक लेकर उत्तर गुजरात में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है?

