Last Updated:
Who is John Ternus : ऐपल ने 15 साल बाद टिम कुक की जगह जॉन टर्नस को अपना सीईओ बनाने का ऐलान किया है. टर्नस पिछले 25 साल से कंपनी के साथ जुड़े हैं और आईफोन सहित तमाम प्रोडक्ट को डेवलप करने में उनकी बड़ी भूमिका रही है.

जॉन टर्नस साल 2001 में ऐपल में बतौर इंजीनियर जुड़े थे.
नई दिल्ली. दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कंपनी ऐपल ने आखिरकार अपने नए सीईओ के नाम का खुलासा कर ही दिया. बीते 4-5 साल से यह खबर उड़ती रहती है कि ऐपल टिम कुक की जगह नया सीईओ बना रही है. लेकिन, इन अफवाहों के बीच कुक ने अपने 15 साल बतौर सीईओ पूरे भी कर लिए और अब जाकर कंपनी ने जॉन टर्नस ( John Ternus) को अपना मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ चुन लिया है. टिम कुल लगातार 15 साल तक ऐपल के सीईओ रहे, जो कंपनी के किसी भी अन्य सीईओ के मुकाबले सबसे ज्यादा अवधि है. अब 1 सितंबर, 2026 से उनकी जगह जॉन संभालेंगे. इससे पहले तक अगर आपने जॉन का नाम नहीं सुना हो तो उनके बारे में यह जान लीजिए कि ऐपल को आज सबसे मूल्यवान कंपनी बनाने का श्रेय जॉन को भी उतना ही जाता है, जितना कुक के नाम है.
जॉन टर्नस फिलहाल ऐपल के हार्डवेयर इंजीनियरिंग विभाग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हैं. यह वही विभाग है, जो ऐपल आईफोन से लेकर तमाम प्रोडक्ट की डिजाइन और क्वालिटी निर्धारित करने में प्रमुख भूमिका निभाता है. खुद टिम कुक ने उनकी तारीफ करते हुए कहा है कि जॉन दिमाग से इंजीनियर और आत्मा से इनोवेटर हैं. इसका मतलब है कि उनका स्वभाव ही कुछ नया खोजने और करने का है. उनकी अगुवाई में ही ऐपल की इंजीनियरिंग इतनी शानदार हो गई है, जिसे आज दुनिया की कोई टेक कंपनी टक्कर नहीं दे पाती है.
टिम कुक और जॉन टर्नस.
डेड स्टार्टअप से शुरू किया था करियर
जॉन टर्नस ने साल 1997 में यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिलवेनिया से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की और लगभग खत्म हो चुके एक स्टार्टअप वर्चुअल रिसर्च सिस्टम में बतौर मैकेनिकल इंजीनियर अपना करियर शुरू किया. इस स्टार्टटप के लिए भी टर्नस ने वर्चुअल रियलिटी हेडसेट डिजाइन किए. इससे पहले पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिर के मूवमेंट से चलने वाला मैकेनिकल फीडिंग ऑर्म डिजाइन किया, जो शुरुआत से ही उनके प्रैक्टिकल अप्रोच को दिखाता है.
25 साल पहले ज्वाइन किया ऐपल
टर्नस ने साल 2001 में ऐपल की प्रोडक्ट डिजाइन टीम को ज्वाइन किया था, जहां शुरुआत में उन्होंने ऐपल सिनेमा डिस्प्ले पर काम किया. उनकी काबिलियत को देखते हुए कंपनी ने साल 2013 में ही हार्डवेयर इंजीनियरिंग विभाग का वाइस प्रेसिडेंट बना दिया. टर्नस सीधे टिम कुक को रिपेार्ट करते थे. साल 2020 में उन्होंने आईफोन हार्डवेयर की कमान संभाली और फिर साल 2021 में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बना दिया गया. बीते 25 साल से टर्नस पर्दे के पीछे रहकर ऐपल को दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी बनाने का काम करते रहे.
जॉन टर्नस ने ऐपल के प्रोडक्ट बनाने में बड़ी भूमिका निभाई.
कई प्रोडक्ट बनाने में बड़ी भूमिका
जॉन टर्नस ने ऐपल के एयरपॉड्स, आईपैड, मैकबुक प्रो, आईमैक, मैक प्रो जैसे प्रोडक्ट को डेवलप करने में बड़ी भूमिका निभाई है. जॉन ऐपल के तमाम इवेंट में नियमित रूप से हार्डवेयर को प्रेजेंट करते रहे हैं. जॉन ने अपने करियर में ऐपल के कई उत्पादों की इंजीनियरिंग का जिम्मा संभाला. टिम कुक की अगुवाई में कंपनी की मार्केट वैल्यू 350 अरब डॉलर से बढ़कर 4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई. अब देखना यह है कि जॉन इस जिम्मेदारी को कहां तक लेकर जाते हैं. कहा जाता है कि जॉन खुद को ज्यादा हाईलाइट करना पसंद नहीं करते, लेकिन बॉस की इस नई भूमिका के साथ वह कंपनी को कहां ले जाते हैं, इस पर पूरी दुनिया की निगाह होगी.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें

