तकनीकी गड़बड़ी के बाद बिगड़ा मैनेजमेंट
शुक्रवार रात को जयपुर से चेन्नई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-2692 में तकनीकी खराबी आ गई थी। 10 बजकर 25 मिनट पर जयपुर से उड़ान भरने वाली फ्लाइट तकनीकी गड़बड़ी के कारण रात 12 बजे तक उड़ान नहीं भर सकी। ऐसे में एयर इंडिया एक्सप्रेस प्रबंधन ने सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर दुबई जाने वाली फ्लाइट को रात साढ़े 12 बजे चेन्नई के लिए रवाना कर दिया। प्रबंधन का प्लान था कि जिस फ्लाइट में तकनीकी खराबी आई है। उसे दुरुस्त करके दुबई जाने वाले यात्रियों को सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर रवाना कर देंगे लेकिन ऐसा नहीं हो सका। तकनीकी खराबी समय पर दूर नहीं हो पाई और सुबह दुबई वाली फ्लाइट समय पर उड़ान नहीं भर सकी।
7 घंटे इंतजार करना पड़ा यात्रियों को
चूंकि सुबह दुबई के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट को रात को ही चेन्नई भेज दिया था और जिस फ्लाइट में तकनीकी खराबी आई। वह सुबह तक दूर नहीं की जा सकी। ऐसे में सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर जयपुर से दुबई के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट का इंतजाम नहीं हो सका। यात्री सुबह 5 बजे ही एयरपोर्ट पहुंच गए। फ्लाइट का इंतजार करते करते दोपहर हो गई। परेशान यात्रियों ने हंगामा भी किया। आखिर 7 घंटे बाद दोपहर एक बजे दूसरे विमान का इंतजाम किया गया जिसमें यात्रियों को दुबई के लिए रवाना किया।

