चंडीगढ़ में नगर निगम चुनावों का ऐलान हो गया है. नगर निगम चुनावों में 23 दिसंबर को मतदान होगा और 26 दिसंबर को नतीजे जारी किए जाएंगे. आज से चुनावों की घोषणा के साथ ही चंडीगढ़ में चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई है. इस दौरान राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने कहा, ‘चंडीगढ़ नगर निगम के पिछले चुनाव 2021 में हुए थे. हम आगामी चुनाव की तैयारी लंबे समय से कर रहे हैं. राज्य चुनाव आयोग अब चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है. हम आज चुनाव कार्यक्रम घोषित कर रहे हैं. आज से आचार संहिता चंडीगढ़ में लागू हो गई है.’
चंडीगढ़ में नगर निगम चुनावों का पूरा ब्यौरा जारी कर दिया गया है. राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा करते हुए जानकारी दी कि शहर के सभी 35 वार्डों में 23 दिसंबर 2026 को मतदान होगा. 26 दिसंबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.
चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे शहर में चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है. बता दें कि वर्तमान नगर निगम सदन का कार्यकाल 7 जनवरी 2027 को समाप्त हो रहा है.
26 नवंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
राज्य चुनाव आयुक्त एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विजय कुमार देव ने बताया कि उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू होगी. इस बार कुल 4 लाख 60 हजार 209 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिसके लिए पूरे शहर में 576 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे.
चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग को सुरक्षा व अन्य आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.
इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया गया है.
राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो पिछले पांच वर्षों में नगर निगम सदन की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है.
पिछले चुनावों में क्या रहा?
वर्ष 2021 के चुनाव में, जिसके लिए 24 दिसंबर को मतदान और 27 दिसंबर को मतगणना हुई थी, पहली बार मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी होने का दर्जा हासिल किया था. भाजपा को 12, कांग्रेस को 8 और शिरोमणि अकाली दल को 1 सीट मिली थी.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

