जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर में सीआरपीएफ और सेना के जवानों ने मुस्तैदी और इंसानियत की मिसाल पेश की. राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर वानपोह इलाके में एक कार अचानक सुरक्षा बंकर के पास रुक गई. कार के अंदर एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में फंस गया था. कार के अंदर फंसे शख्स को देखते ही जवानों को अंदाजा हो गया कि मामला कुछ ठीक नहीं है. उसके हावभाव देखकर यही लग रहा था कि कार के भीतर बैठे शख्स को हार्ट अटैक आया है. इसके बाद सीआरपीएफ के जवानों ने कार का दरवाजा खोलने की कोशिश की. लेकिन दरवाजा नहीं खुला. अंत में, उन्होंने कार का शीशा तोड़ा और व्यक्ति को बाहर निकाला. इसके बाद उसे मौके पर सीपीआर दिया गया और समीप के सरकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया. जवानों की इस कोशिश से शख्स की जान बच गई है.

