Last Updated:
परिसीमन बिल के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने में जुटी कांग्रेस को उसके ही एक विधायक ने बड़ा दे दिया है. कर्नाटक के कांग्रेस विधायक कोथुर मंजूनाथ ने परिसीमन विधेयक का स्वागत करते हुए कहा है कि विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख से 1.5 लाख मतदाता होने चाहिए. उन्होंने इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर जैसे देशों का उदाहरण भी दिया. उनका मानना है कि इससे विधायकों के लिए जनता की समस्याएं सुलझाना आसान होगा.
कांग्रेस विधायक कोथुर मंजूनाथ ने परिसीमन बिल का खुला समर्थन किया है. (फाइल फोटो)
संसद में कल यानी 30 नवंबर को पेश होने वाले परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस जहां विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश में जुटी है, वहीं कर्नाटक में पार्टी के ही एक विधायक कोथुर मंजूनाथ ने उसे बड़ा झटका दे दिया है. कांग्रेस विधायक मंजूनाथ ने इस विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि अगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या करीब एक से डेढ़ लाख के बीच रखी जाए, तो विधायकों के लिए जनता की समस्याओं को सुनना और विकास कार्य करना कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा.
मंजूनाथ का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कांग्रेस आलाकमान परिसीमन विधेयक के खिलाफ विपक्षी दलों की लामबंदी में जुटा है. कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी दूसरे विपक्षी दलों को इस बिल का समर्थन नहीं करने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में पार्टी के एक विधायक का परिसीमन के समर्थन में उतरना कांग्रेस के लिए भी असहज स्थिति पैदा करता है.
इंडोनेशिया, कंबोडिया, मलेशिया का दिया हवाला
कोथुर मंजूनाथ ने परिसीमन की प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण आबादी और भौगोलिक क्षेत्र के आधार पर व्यवस्थित तरीके से होना चाहिए. इससे जनप्रतिनिधियों को अपनी जनता के साथ जुड़े रहने में मदद मिलेगी.
उन्होंने इंडोनेशिया, कंबोडिया, मलेशिया और सिंगापुर का उदाहरण देते हुए एक ऐसी व्यवस्था का जिक्र किया, जहां संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 60,000 वोटर, जबकि विधानसभा क्षेत्रों में 8,000 से 10,000 मतदाता होते हैं. उन्होंने कहा कि भारत की जनसंख्या को देखते हुए, यहां निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन करते समय व्यावहारिक पहलुओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए.
‘एक साल टल सकता है विधानसभा चुनाव’
उन्होंने कहा कि अगर इस प्रक्रिया से विधायक और सांसद अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों की बेहतर ढंग से सेवा कर पाते हैं, तो वे इसका स्वागत करेंगे. उन्होंने यह भी संभावना जताई कि 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव 2029 में कराए जा सकते हैं.
कोथुर मंजूनाथ का बयान इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं. वरिष्ठ कांग्रेस सांसद राहुल गांधी यह आशंका जता रहे हैं कि लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 किए जाने और निर्वाचन क्षेत्रों के नए सिरे से निर्धारण की प्रक्रिया का राजनीतिक फायदा बीजेपी को मिल सकता है.
About the Author
साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.
कहां से …

