Last Updated:
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति किस करवट बैठेगी इसका अंदाजा लगाने में राजनीतिक पंडित भी गच्चा खा जाते हैं. महाराष्ट्र के चाणक्य कहे जाने वाले शरद पवार एनसीपी के दोनों धड़ों को एक सूत्र में पिरोने का भरसक प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक इसमें सफलता नहीं मिल सकी है. बात और मुलाकात का दौर लगातार जारी है, पर एनसीपी के दोनों गुट एक होंगे इसको लेकर अभी भी स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता है.
NCP-SP के चीफ शरद पवार और पार्थ पवार के बीच दो बार मुलाकात हो चुकी है, लेकिन पार्टी के दोनों धड़ों की एकता की बात अभी तक अटकी हुई है. (फाइल फोटो)
मुंबई. महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के विलय को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. पिछले करीब 10 दिनों में दोनों गुटों के नेताओं के बीच हुई मुलाकातों और राजनीतिक गतिविधियों ने मर्जर की अटकलों को हवा दे दी है. हालांकि, दोनों ही गुटों के नेता सार्वजनिक रूप से विलय की किसी भी संभावना से इनकार कर रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर दोनों एनसीपी का विलय होता है तो कौन नेता इसके पक्ष में होगा और कौन विरोध में खड़ा होगा. शरद पवार और पार्थ पवार के बीच ताबड़तोड दो मुलाकात हो चुकी है, लेकिन तस्वीर अभी भी जस की तस है. पार्थ पवार ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि एनसीपी-एसपी को अलग पार्टी के तौर पर महायुति में शामिल किया जा सकता है.
सबसे पहले बात अजीत पवार गुट की. सूत्रों के मुताबिक, प्रफुल्ल पटेल की शरद पवार से लगातार हो रही मुलाकातों को अहम संकेत माना जा रहा है. माना जा रहा है कि प्रफुल्ल पटेल विलय की संभावनाओं के पक्ष में हो सकते हैं. उनके साथ सुनील तटकरे भी इस प्रक्रिया में अहम भूमिका निभा सकते हैं. हालांकि, दोनों नेता फिलहाल मर्जर की खबरों को खारिज कर रहे हैं. वहीं, अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार ने अभी तक इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है. ऐसे में माना जा रहा है कि वे कोई भी फैसला लेने से पहले स्थिति पर नजर रखना चाहते हैं.
रोहित पवार पर टिकीं नजरें
दूसरी तरफ, शरद पवार गुट में भी सबकी नजर रोहित पवार पर टिकी है. शरद पवार की अजित पवार गुट के नेताओं से बढ़ती मुलाकातों के बीच रोहित पवार ने भी अपने पत्ते नहीं खोले हैं. इस बीच, 10 नवंबर को प्रफुल्ल पटेल की मुंबई में एक बार फिर शरद पवार से मुलाकात होने की संभावना है. इस बैठक पर राजनीतिक गलियारों की नजर रहेगी. फिलहाल सवाल यही है कि क्या दोनों एनसीपी फिर एक होंगी और इस संभावित विलय में कौन-कौन नेता साथ आएंगे?
पार्थ पवार की शरद पवार से ताबड़तोड़ मुलाकात
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बड़े बेटे और राज्यसभा सदस्य पार्थ पवार ने एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मुंबई स्थित उनके आवास पर मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई. इससे एक दिन पहले भी पार्थ ने शरद पवार से मुलाकात की थी. शनिवार शाम शरद पवार ने एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेताओं जयंत पाटिल, शशिकांत शिंदे, अमोल कोल्हे, अनिल देशमुख और जितेंद्र आव्हाड के साथ भी बैठक की थी. हालांकि, कोल्हे और आव्हाड ने विलय पर चर्चा से इनकार करते हुए कहा था कि नेता केवल शरद पवार का हालचाल जानने पहुंचे थे.
शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल के बीच होने वाली मुलाकात पर नजर
इस बीच, एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान शरद पवार से उनकी राजनीतिक मुद्दों पर कोई विस्तृत चर्चा नहीं हुई थी. आज 10 नवंबर है और दोनों नेताओं के बीच अहम मुलाकात हो सकती है. वहीं, विलय की अटकलों के बीच पार्टी के भीतर असंतोष की खबरें भी सामने आई हैं. हाल ही में एनसीपी के सात वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की थी. बताया जा रहा है कि कुछ नेता पार्थ पवार के कामकाज और पार्टी में नियुक्तियों को लेकर नाराज हैं. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि दोनों एनसीपी धड़े स्वतंत्र राजनीतिक इकाइयां हैं और उन्हें अपने फैसले लेने का अधिकार है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

