Last Updated:
LPG cylinder rush Bihar : अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध की खबरों के बीच बिहार में एक अलग तरह की हलचल देखने को मिल रही है. पटना समेत कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गई हैं. लोग एहतियात के तौर पर गैस सिलिंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे अचानक मांग बढ़ती नजर आ रही है. हालांकि जिला प्रशासन और गैस एजेंसियों का कहना है कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.

एलपीजी सिलिंडर लेने की होड़ से बढ़ी भीड़, प्रशासन ने कहा गैस सप्लाई पूरी तरह सामान्य
पटना. ईरान-अमेरिका-इजरायल में युद्ध और अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर फैल रही खबरों के बीच बिहार के कई जिलों में गैस सिलिंडर को लेकर अचानक मांग बढ़ गई है. पटना समेत कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. लोग सिलिंडर लेने के लिए सुबह से ही लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं. हालांकि प्रशासन का कहना है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर उपलब्ध हैं. इसके बावजूद लोगों में एक तरह की जल्दबाजी और घबराहट दिखाई दे रही है.
पटना जिला प्रशासन ने किया स्पष्ट
पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन ने इस स्थिति पर बयान जारी करते हुए कहा कि जिले में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है. सभी गैस कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. उन्होंने बताया कि गैस बुकिंग की प्रक्रिया पहले की तरह ही जारी है. बुकिंग मिस्ड कॉल, एसएमएस, आईवीआरएस, व्हाट्सएप और ओटीपी के जरिए की जा सकती है. इसके अलावा एलपीजी बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतराल तय है और यह नियम अभी भी लागू है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में गैस की अतिरिक्त बुकिंग न करें.
एजेंसियों का दावा, गैस की कमी नहीं
गैस एजेंसियों के संचालकों का भी कहना है कि गैस की वास्तविक कमी नहीं है. एक एजेंसी के मैनेजर के अनुसार होली तक स्थिति सामान्य थी, लेकिन कुछ खबरों के बाद अचानक सिलिंडर लेने वालों की संख्या कई गुना बढ़ गई. उन्होंने बताया कि कई उपभोक्ता ऐसे भी हैं जो एक दिन पहले ही गैस ले गए थे और अगले दिन फिर से सिलिंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं. यही कारण है कि एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है और फोन बुकिंग की संख्या भी सामान्य से आठ से दस गुना तक बढ़ गई है.
उपभोक्ताओं की परेशानी भी सामने आई
हालांकि कई उपभोक्ता अपनी परेशानी भी बता रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि उनके घर में गैस खत्म हो गई है लेकिन 25 दिन के नियम के कारण बुकिंग नहीं हो पा रही है. कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी कहा कि 40 से 45 दिन बीत जाने के बाद भी उनका नंबर नहीं लग पा रहा है. ऐसे में कई लोग खाली सिलिंडर लेकर एजेंसी पहुंचे, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल पाई और उन्हें वापस लौटना पड़ा.
आपूर्ति और वितरण को लेकर सवाल
दूसरी ओर कुछ गैस वितरण कर्मचारियों ने बताया कि पिछले दो दिनों से एजेंसी में नई खेप नहीं आई है. उनका कहना है कि इसी वजह से डिलीवरी का काम प्रभावित हुआ है. हालांकि प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की ब्लैक मार्केटिंग या होर्डिंग को सख्ती से रोका जाएगा. सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को गैस एजेंसियों की नियमित जांच करने और जरूरत पड़ने पर छापेमारी करने का निर्देश दिया गया है.
अफवाहों से बचने की प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलिंडर की बुकिंग करें. अधिकारियों का कहना है कि एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है. जानकारों का मानना है कि अक्सर किसी संकट या युद्ध जैसी खबरों के बाद बाजार में पैनिक बाइंग की स्थिति बन जाती है. ऐसे समय में अफवाहों से बचना और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करना जरूरी होता है.
About the Author
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें

