
जयपुर. राजस्थान पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2021 को लेकर संभवतया आज यह तय हो जाएगा कि यह परीक्षा रद्द होगी या फिर यथावत रहेगी. भजनलाल सरकार इस मसले को लेकर आज हाईकोर्ट में अपना जवाब पेश करेगी. इस मामले को लेकर राज्य सरकार ने अभी तक पत्ते नहीं खोले हैं. मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा है कि कोर्ट में जवाब के साथ सामने आ जाएगा कि राज्य सरकार का मंतव्य क्या है? लिहाजा इस परीक्षा से जुड़े सभी चयनित और वंचित रहे युवाओं तथा उनके परिजनों की नजरें सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले जवाब पर टिकी है.
हाईकोर्ट जस्टिस समीर जैन की बैंच में आज यह सुनवाई होगी. इस मुद्दे को लेकर मुखर रहे मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने दोहराया कि राज्य सरकार जवाब पेश करेगी. ये मामला पूरी तरफ साफ है. सभी ने परीक्षा रद्द करने की सिफारिश की है. ऐसा लगता है मांग मान ली जाएगी. वहीं मंत्री जोगाराम ने कहा कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है. इसलिए वे इस पर टिप्पणी नहीं करेंगे.
जयपुर के अस्पतालों के बारे में जानने के लिए यहां क्लिक करें…
पुलिस ने मनोज मीणा को कर लिया था गिरफ्तार
इस बीच एसआई भर्ती परीक्षा निरस्त करने की मांग को लेकर बुधवार को बेरोजगार संघ के नेता मनोज मीणा ने दंडवत प्रदर्शन किया. मीणा मोतीडूंगरी मंदिर दंडवत प्रदर्शन करते हुए पहुंचे. उन्होंने गुरुवार को होने वाली सुनवाई से पहले परीक्षा को रद्द करने की मोती डूंगरी गणेशजी से की कामना. दंडवत प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मनोज मीणा को गिरफ्तार कर लिया गया.
भर्ती परीक्षा में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा सामने आया है
राजस्थान में पेपर लीक केस की जांच कर रही एसआईटी की पड़ताल में एसआई भर्ती परीक्षा 2021 में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा सामने आया था. उसके बाद एसआईटी की लीडिंग एजेंसी एसओजी ने इस मामले में करीब 50 ट्रेनी थानेदारों को राजस्थान पुलिस अकादमी समेत विभिन्न ट्रेनिंग सेंटर्स से गिरफ्तार किया था. इसके साथ ही राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के दो सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तार किए गए कुछ ट्रेनी थानेदारों को बाद में जमानत मिल गई थी.
भजनलाल सरकार ने गठित कर रखी है मंत्रियों की कमेटी
उसके बाद उन्हें फील्ड ट्रेनिंग के लिए विभिन्न जिलों में पोस्टिंग दे दी गई थी. लेकिन बाद में आईजी स्तर पर किए गए एक्शन में उनको सस्पेंड कर दिया गया है. एसआई परीक्षा को लेकर भजनलाल सरकार ने पांच मंत्रियों की कमेटी बना रखी है. वह एसआईटी की जांच के आधार पर अपनी सिफारिश करेगी कि परीक्षा को रद्द किया जाए या फिर यथावत रखा जाए. प्रदेश में परीक्षा को रद्द करने और थथावत रखने की मांग को लगातार धरने प्रदर्शन हो रहे हैं.
Tags: Bhajan Lal Sharma, Big news, High court, Paper Leak
FIRST PUBLISHED : January 9, 2025, 10:31 IST

