Agency:एजेंसियां
Last Updated:
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार बॉर्डर के पास संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफल्स की पेट्रोलिंग टीम पर अचानक हमला कर दिया. इस गोलीबारी में 21 असम राइफल्स के हवलदार जनखोकाई कुकी शहीद हो गए, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं. यह हमला सुबह करीब 6.30 बजे नामपोंग नाला के पास हुआ, जब फेंसिंग का काम चल रहा था. सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
असम राइफल्स (फाइल फोटो : PTI)
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास उग्रवादियों ने कायराना हमला किया है. मंगलवार सुबह हुए इस हमले में असम राइफल्स के एक हवलदार शहीद हो गए और चार जवान घायल हुए हैं. यह वारदात नामपोंग सर्किल के नामपोंग नाला इलाके में सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई. वहां 21 असम राइफल्स की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी. इस संवेदनशील इलाके में बॉर्डर फेंसिंग का काम चल रहा है. तभी छिपे हुए उग्रवादियों ने जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी.
इस भीषण गोलीबारी में 42 साल के हवलदार जनखोकाई कुकी शहीद हो गए. घायल हुए चार अन्य जवानों को तुरंत मेडिकल मदद के लिए सुरक्षित निकाला गया है. चांगलांग के एसपी किरली पाडू ने कहा, ‘घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जरूरी जानकारी जुटा रही है.’
हमले के पीछे किस उग्रवादी गुट का हाथ होने का शक है?
शुरुआती इनपुट के मुताबिक इस हमले में एनएससीएन (के-वाईए) के उग्रवादियों का हाथ माना जा रहा है. हालांकि असम राइफल्स की तरफ से आधिकारिक बयान का इंतजार है. भारत-म्यांमार का यह सीमावर्ती क्षेत्र उग्रवादी गतिविधियों के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है. हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी करके सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
About the Author
दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…
और पढ़ें

