Last Updated:
Arvind Kejriwal News: सेंट्रल विजिलेंस कमीशन (CVC) ने दिल्ली के 6, फ्लैगस्टाफ मार्ग स्थित बंगले (पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास) के नवीनीकरण की जांच के आदेश दिए हैं.
दिल्ली का सीएम रहते हुए अरविंद केजरीवाल ने कराया था मुख्यमंत्री आवास का रिनोवेशन.
हाइलाइट्स
- AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल के लिए बढ़ सकती है कानूनी मुसीबत!
- सेंट्रल विजिलेंस कमीशन ने सीएम आवास के रिनोवेशन की जांच के आदेश दिए.
- केजरीवाल के दिल्ली का सीएम रहते हुए था ‘शीशमहल’ का रिनोवेशन.
Arvind Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कानूनी मुसीबत बढ़ सकती है! उनके सीएम रहते जिस बंगले का रिनोवेशन हुआ था, सेंट्रल विजिलेंस कमीशन (CVC) ने उसकी जांच के आदेश जारी किए हैं. सिविल लाइंस इलाके में 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला 2015 से अक्टूबर 2024 तक, दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में अरविंद केजरीवाल का आधिकारिक निवास था. उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों पर पद से इस्तीफा देने के बाद इसे खाली कर दिया था. केजरीवाल के आधिकारिक सीएम आवास पर CPWD की एक फैक्ट रिपोर्ट पेश करने के बाद, सीवीसी ने 13 फरवरी को जांच का आदेश दिया.
CVC ने इन आरोपों की विस्तृत जांच करने को कहा है कि ‘40,000 वर्ग गज (8 एकड़) में फैली एक भव्य हवेली के निर्माण के लिए भवन निर्माण मानदंड जारी किए गए थे’. बीजेपी ने इसे चुनावी मुद्दा बनाया था और बंगले को ‘शीशमहल’ बताकर AAP सरकार को घेरा. जांच का यह आदेश दिल्ली बीजेपी के नेता विजेंद्र गुप्ता की शिकायत पर हुआ है.
‘सवाल से क्यों भाग रही AAP?’
गुप्ता ने सीवीसी जांच के आदेश पर कहा, ‘दिल्ली में किसी को उन्होंने एक झुग्गी तक नहीं दी. 50 हजार से ज्यादा फ्लैट्स बनकर तैयार थे, एक भी मकान किसी को नहीं दिया और अपने घर को शीशमहल बना दिया.’ बीजेपी नेता ने कहा, ‘दो मामले हैं: एक वो जहां पर चार सरकारी संपत्तियों को मिलाकर एक सरकारी संपत्ति बना दी है. दूसरा, सौंदर्यीकरण करके जो अपने घर को शीशमहल बनाया. इन दोनों मामले पर CVC अब जांच कर रहा है, आम आदमी पार्टी तो इस सवाल से भाग रही है, उनको जवाब देना चाहिए.’
नवनिर्वाचित विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, ‘बिल्कुल जांच होनी चाहिए, इसका स्वागत करते हैं. यह (केजरीवाल) बिलकुल फ्रॉड इंसान है, दो कमरे के मकान में नहीं, 8 एकड़ के मकान में रहता था. इस आदमी को अपने ऐशोआराम का वह सब सामान चाहिए था जो शीशमहल में है. मैं मानता हूं कि यह पैसा अरविंद केजरीवाल से वसूल किया जाना चाहिए.’
दिल्ली: कैसे विवादों में आया मुख्यमंत्री आवास
| 21 अक्टूबर 2024 |
विजेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री के आवास (6, फ्लैग स्टाफ रोड) के नवीनीकरण और आंतरिक साज-सज्जा पर अत्यधिक खर्च को लेकर केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई. अपनी शिकायत में, गुप्ता ने भारी वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास के लिए करोड़ों रुपये करदाताओं के धन से खर्च किए. उन्होंने कहा कि लग्जरी वस्तुओं पर किए गए ये खर्च तार्किक सीमाओं से कहीं अधिक हैं और भ्रष्टाचार की गंभीर आशंका को जन्म देते हैं. |
| 5 नवंबर 2024 |
CVC गुप्ता की शिकायत पर संज्ञान लेता है और आरोपों की गंभीरता को स्वीकार करता है. CVC केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) के मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) को मामले की जांच करने का निर्देश देता है. |
| 14 नवंबर 2024 |
शिकायत को आधिकारिक रूप से CVO, CPWD को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाता है. CVO को आरोपों की जांच कर सतर्कता नियमों के अनुसार कार्रवाई करनी होती है. |
| 24 दिसंबर 2024 | प्रारंभिक जांच के बाद CVO, CPWD द्वारा CVC को एक तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपी जाती है. |
| 13 फरवरी 2025 | रिपोर्ट की समीक्षा के बाद, CVC ने CPWD को मुख्यमंत्री के आवास के नवीनीकरण और लग्जरी सुविधाओं पर हुए खर्च की विस्तृत जांच करने की सलाह दी. |
साल 2013 में सीएम बनने के बाद केजरीवाल, तिलक लेन स्थित घर में रहे. फरवरी 2015 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद वे सिविल लाइंस इलाके में 6 फ्लैग स्टाफ रोड स्थित आवास में रहे.
New Delhi,Delhi
February 15, 2025, 11:05 IST

