Last Updated:
Waqf Amendment Bill: हरसिमरत कौर बादल ने भाजपा पर मुस्लिम हितों की राजनीति का आरोप लगाया. संबित पात्रा ने मोदी सरकार की मुस्लिम विकास की नीति का समर्थन किया. कांग्रेस ने सरकार पर मुस्लिम जमीन छीनने का आरोप लगाय…और पढ़ें
वक्फ संशोधन बिल पर लोकसभा में कई घंटों की बहस चली. (पीटीआई)
हाइलाइट्स
- हरसिमरत कौर ने भाजपा पर मुस्लिम हितों की राजनीति का आरोप लगाया.
- संबित पात्रा ने मोदी सरकार की मुस्लिम विकास नीति का समर्थन किया.
- कांग्रेस ने सरकार पर मुस्लिम जमीन छीनने का आरोप लगाया.
नई दिल्ली. पूर्व केंद्रीय मंत्री और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए बुधवार को कहा कि “जिस पार्टी की सारी राजनीति हिंदू मुसलमान पर केंद्रित है , उन्हें मुसलमानों की चिंता कहां से हो गई.”
हरसिमरत कौर ने लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि सरकार के अनुसार अगर यह विधेयक मुसलमानों का इतना हितकारी है तो सदन में उपस्थित एक भी मुस्लिम सांसद इसका समर्थन क्यों नहीं कर रहा. हरसिमरत ने कहा, “अगर सरकार की नीयत साफ है तो अयोध्या में राम मंदिर के बोर्ड में दो मुसलमानों को शामिल किया जाए.”
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद संबित पात्रा ने चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पसमांदा और बोहरा समाज का विकास चाहती है तो इस पर हंगामा क्यों बरपा है. पात्रा ने कहा कि दुनिया के मुस्लिम देशों की तुलना में भारत के मुसलमान ज्यादा सुरक्षित हैं.
उन्होंने कहा कि तुर्की, इंडोनेशिया, मिस्र और सऊदी अरब जैसे मुस्लिम देशों में वक्फ की व्यवस्था नहीं है, जबकि भारत में वक्फ कानून मौजूद है. उन्होंने कहा कि यदि मोदी सरकार मुस्लिमों के पसमांदा और बोहरा समाज जैसे वंचित समुदायों का विकास चाहती है तो इसमें हंगामा क्यों बरपा है.
उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा, “क्या इन समाज के लोगों के विकास की बात करना, उन्हें वक्फ में शामिल करना गलत है और ऐसा करके मोदी जी गलत कर रहे हैं?” उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय को इस मुगालते में नहीं रहना चाहिए कि वक्फ ने उनकी जमीन का अधिग्रहण नहीं किया.
भाजपा के ही निशिकांत दुबे ने इतिहास के हवाले से कहा कि यदि विपक्ष मोहम्मद गोरी और महमूद गजनवी को आक्रांता मानता है तो उसे यह भी जान लेना चाहिए कि गोरी ने ही पहले वक्फ की शुरुआत की थी. उन्होंने भी कहा कि भारत से ज्यादा मुसलमान तुर्की, इंडोनेशिया और सऊदी अरब में रहते हैं और पूरी दुनिया में कोई मुस्लिम देश नहीं, जहां यह अधिकार दिया गया है, लेकिन भारत में वक्फ का अधिकार दिया गया है.
जनसेना पार्टी के टी उदय श्रीनिवास ने विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि समिति ने इस विधेयक को मौजूदा स्वरूप देने में काफी प्रयास किए. जनता दल (सेक्युलर) के एम मल्लेश बाबू ने विधेयक का समर्थन करते हुए सभी दलों से इसका समर्थन करने का अपील की. वहीं कांग्रेस सदस्य अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने आरोप लगाया कि सरकार मुसलमानों की जमीन छीनकर उन्हें झुकाने की कोशिश कर रही है. चर्चा में निर्दलीय राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भी हिस्सा लिया.

