Last Updated:
BMW Accident: मुंबई के कोस्टल रोड पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर लाला कॉलेज के सामने, लोटस जेट्टी के पास बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक घायल का इलाज जारी है. (सांकेतिक तस्वीर)
मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार BMW कार हादसे का शिकार हो गई. हादसा मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जाने वाले कोस्टल रोड पर लाला कॉलेज के सामने, लोटस जेट्टी के पास हुआ. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुई.
कोस्टल रोड कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे की सूचना 20 सितंबर 2026 को सुबह करीब 5:20 बजे मिली. दुर्घटना के बाद चार घायलों को इलाज के लिए नायर अस्पताल भेजा गया. नायर अस्पताल के CMO से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में घायल चार लोगों में से 20 वर्षीय एक अज्ञात युवक को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
वहीं, 21 वर्षीय शनाय गज्जल, 17 वर्षीय धीर्या सेठ और करीब 25 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक घायल का इलाज जारी है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने घटना की जानकारी देते हुए कहा, “20 सितंबर को सुबह करीब 5:20 बजे मुंबई कोस्टल रोड पर लोटस जेटी के पास एक BMW कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने बताया कि कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी, तभी तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर ने कथित तौर पर गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया. चारों को नायर अस्पताल ले जाया गया.”
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें

