Last Updated:
What is VPF Account : क्या आपको पता है कि पीएफ खाते में 12 फीसदी से ज्यादा निवेश किया जा सकता है. अगर आप ऐसा करना चाहते हैं तो इसके लिए बस वीपीएफ खाता खुलवाना होगा, जिसमें आप बेसिक सैलरी का 100 फीसदी हिस्सा …और पढ़ें
वीपीएफ खाते पर पीएफ जितना ही ब्याज मिलता है.
नई दिल्ली. आप प्राइवेट सेक्टर में जॉब करते हैं तो आपकी कंपनी ने भी भविष्य निधि खाता (PF Account) जरूर खुलवाया होगा. यह तो पता ही है कि पीएफ खाते में आपकी बेसिक सैलरी का 12 फीसदी अंशदान किया जाता है और इतना ही अंशदान आपकी कंपनी भी करती है. इस तरह से आपकी कुल बेसिक सैलरी का 24 फीसदी हिस्सा हर महीने पीएफ खाते में डाला जाता है. इस खाते पर सरकार अभी 8.25 फीसदी का सालाना ब्याज देती है, जो किसी भी एफडी से ज्यादा है.
पीएफ खाते का मकसद है कि निजी सेक्टर के कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद पेंशन और एकमुश्त राशि के जरिये सहायता देना. सरकार हर साल इस खाते पर मिलने वाली ब्याज दर को रिवाइज करती है. पीएफ में जमा होने वाली कुल राशि का कुछ हिस्सा पेंशन फंड में जाता है, जबकि शेष राशि आपके पीएफ खाते में ही जमा हो जाती है. इस खाते पर ही आपको 8.25 फीसदी का ब्याज मिलता है. लेकिन, क्या आपको पता है कि पीएफ में आप 12 फीसदी से ज्यादा की राशि निवेश कर सकते हैं.
कैसे बढ़ा सकते हैं निवेश की राशि
अगर आप पीएफ खाते में 12 फीसदी से ज्यादा की राशि निवेश करना चाहते हैं तो इसके लिए आपको वॉल्यूंटरी प्रोविडेंट फंड (VPF) खाता खुलवाना होगा. इस वीपीएफ खाते में आप अपनी बेसिक सैलरी का 100 फीसदी हिस्सा निवेश कर सकते हैं, जो तय मानक 12 फीसदी से 88 फीसदी ज्यादा होगा. जाहिर है कि आप ज्यादा राशि निवेश करके अपने रिटायरमेंट के लिए अधिक फंड भी बना सकते हैं.
कितना मिलेगा इस पर ब्याज
वीपीएफ खाते में आप चाहे 12 फीसदी निवेश करें या फिर अपनी बेसिक सैलरी का 100 फीसदी पैसा ही क्यों न लगा दें, इस पर तय 8.25 फीसदी का पूरा ब्याज मिलेगा. हां, इस बात का ध्यान रखना होगा कि वीपीएफ खाते में सिर्फ आप अपने हिस्से का ही निवेश बढ़ा सकते हैं. इसमें नियोक्ता की ओर से तय 12 फीसदी का ही निवेश किया जाएगा, भले ही आप अपना निवेश कितना भी बढ़ा दें. इसका सबसे बड़ा फायदा होगा कि आपकी निवेश राशि पर बिना जोखिम के ही सवा 8 फीसदी का रिटर्न मिलता रहेगा.
कैसे खुलवाएं वीपीएफ खाता
वीपीएफ खाता खुलवाना काफी आसान है. इसके लिए बस आपको अपनी कंपनी के एचआर को यह बताना होगा कि आप अपने पीएफ खाते में ज्यादा निवेश करना चाहते हैं. इसके बाद एचआर आपसे कुछ फॉर्म और डॉक्यूमेंट लेकर निवेश की राशि तय करता है. एक बार तय होने के बाद आप अपनी सैलरी से ऑटोमेटिक पैसा कटवा सकते हैं. वीपीएफ खाता खुलवाने के बाद यह ध्यान रखना होगा कि इसमें कम से कम 5 साल तक निवेश करना जरूरी है. अगर इसमें निवेश पैसा 5 साल से पहले निकाला गया तो आपको स्लैब के हिसाब से टैक्स देना पड़ेगा. इसमें निवेश पैसे पर 80सी के तहत टैक्स छूट भी मिलती है.
New Delhi,Delhi
January 21, 2025, 18:03 IST

