सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी. ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पीएम मोदी के लिए स्पेशल मैसेज लिखा, मेरे मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई. और वह एक महान प्रधानमंत्री हैं. वे मजबूत, स्वस्थ और बुद्धिमान व्यक्ति हैं तथा आने वाले वर्षों में भी महान उपलब्धियां और सफलता हासिल करेंगे.
ट्रंप का यह संदेश ऐसे वक्त में आया है, जब दोनों देशों के रिश्तों में उतार चढ़ाव चल रहा है. ट्रेड डील काफी हद तक पूरी हो चुकी है और उस पर मुहर लगना बाकी है. एक्स्पोर्ट और तेल खरीद के मुद्दे पर खींचतान चल रही है. हालांकि, ट्रंप लगातार पीएम मोदी को अपना सबसे अच्छा दोस्त बताते रहे हैं और तारीफ करते रहे हैं. कहा ये भी जा रहा है कि जी20 समिट में शामिल होने के लिए पीएम मोदी जब फ्रांस जाएंगे तो उनकी मुलाकात राष्ट्रपति ट्रंप से हो सकती है.
ट्रंप के संदेश पर पीएम मोदी का जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप के बधाई संदेश का जवाब देते हुए लिखा, राष्ट्रपति ट्रंप, आपकी हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. मैं भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं. यह साझेदारी हमारे दोनों देशों और पूरी दुनिया के हित में है.
कई राष्ट्राध्यक्षों ने दी शुभकामनाएं
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके
यह उपलब्धि केवल आपके लंबे कार्यकाल का प्रमाण नहीं है, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जनता द्वारा आपके नेतृत्व पर बार-बार जताए गए विश्वास और भरोसे का भी प्रतीक है. भारत में हुए आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन तथा मोदी की दूरदर्शी सोच ने भारत के बाहर भी अनेक लोगों को प्रेरित किया है.
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम
प्रधानमंत्री मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई. यह उपलब्धि भारत के विकास, समृद्धि और वैश्विक प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाने के लिए उनके समर्पित सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व का प्रमाण है. मैं प्रधानमंत्री मोदी की निरंतर सफलता तथा भारत की जनता के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूं.
रूस की ओर से बधाई
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में करोड़ों लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और भारत दुनिया की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल हुआ है. रूस ने भारत-रूस साझेदारी को और मजबूत होने की उम्मीद भी जताई.
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू
नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री Narendra Modi को बधाई देते हुए भारत-इज़राइल मित्रता और उनके नेतृत्व की सराहना की. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी आगे भी मजबूत होती रहेगी.
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी
मार्क कार्नी ने मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देते हुए लोकतांत्रिक जनादेश और भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने भारत-कनाडा संबंधों को आगे बढ़ाने और साझा हितों पर मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई.
- इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने दोनों देशों के लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने में प्रधानमंत्री मोदी के साथ काम करने की इच्छा व्यक्त की.
- साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी की वर्षों की समर्पित सेवा और नेतृत्व को दर्शाती है. उन्होंने भारत और साइप्रस के बीच संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की.
- डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने श्री मोदी को बधाई दी और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए उनके साथ काम जारी रखने की इच्छा व्यक्त की।
- दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्षों से भारत की आर्थिक और विकासात्मक प्रगति का मार्गदर्शन किया है और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
- ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी एबॉट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में भारत ने बुनियादी ढांचे, सूचना प्रौद्योगिकी, बिजली और स्वच्छता के क्षेत्र में काफी सुधार किया है.
- ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें एक सच्चा राजनेता बताया, जिन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और विश्व में इसकी प्रतिष्ठा को बदल दिया है.

