सीतामढ़ी: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. यह परीक्षा 18 और 21 जनवरी को जिले के आठ निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी. दोनों तिथियों को मिलाकर कुल 19,200 अभ्यर्थी इस महत्वपूर्ण परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. परीक्षा केंद्र जिला मुख्यालय डुमरा, सीतामढ़ी नगर और आसपास के क्षेत्रों में बनाए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो.
4,800 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, प्रत्येक पाली में जिले के सभी आठ परीक्षा केंद्रों पर कुल 4,800 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने केंद्रों पर विद्यालय प्रधानाध्यापकों के साथ समन्वय बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें. परीक्षा केंद्रों पर बेंच-डेस्क, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया है. इसके साथ ही आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सीसीटीवी निगरानी, फ्रिस्किंग और अन्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा.
आठ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित
जिले के जिन आठ परीक्षा केंद्रों पर दारोगा भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, उनमें सीतामढ़ी हाई स्कूल डुमरा, कमला गर्ल्स हाई स्कूल डुमरा, आरएसआर हाई स्कूल बरियारपुर, एमआरडी गर्ल्स हाई स्कूल सीतामढ़ी, श्री लक्ष्मी हाई स्कूल सीतामढ़ी, श्री मथुरा हाई स्कूल सीतामढ़ी, मिडिल स्कूल बरियारपुर और नगरपालिका मिडिल स्कूल भवदेपुर शामिल हैं. केंद्रों की क्षमता के अनुसार परीक्षार्थियों की संख्या पहले ही निर्धारित कर दी गई है.
परीक्षा दो पालियों में आयोजित
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी, जिसके लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक तय किया गया है. वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे से 2 बजे के बीच केंद्र पर रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा.
परीक्षा केंन्द्र के नियम
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा और निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल, दंडाधिकारियों और उड़नदस्तों की तैनाती की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार की आशंका न रहे. जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें.

