Last Updated:
Lottery Winner: विष्णु बर्मन ने 60 रुपये की लॉटरी टिकट खरीदी और 1 करोड़ रुपये जीतकर करोड़पति बन गए. जीत के बाद सुरक्षा की चिंता सताने लगी, इसलिए उन्होंने पुलिस की मदद मांगी.
प्रतीकात्मक तस्वीर
कूचबिहार के दिनहाटा साहेबगंज गोरबोदांगा गांव के मजदूर विष्णु बर्मन की किस्मत एक रात में बदल गई. उन्होंने सिर्फ 60 रुपये की लॉटरी टिकट खरीदी और देखते ही देखते 1 करोड़ रुपये के मालिक बन गए! जैसे ही यह खबर फैली, गांव में हलचल मच गई. लोग उन्हें बधाइयां देने के लिए उनके घर आने लगे.
नहीं मिलेंगे पूरे 1 करोड़ रुपये!
परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं था. लेकिन इतनी बड़ी रकम जीतने के बाद अब उन्हें अपने भविष्य और सुरक्षा की चिंता सताने लगी. टैक्स कटने के बाद उन्हें करीब 60 से 70 लाख रुपये ही मिलेंगे, लेकिन यह रकम भी उनकी जिंदगी बदलने के लिए काफी है.
कैसे जीती करोड़ों की लॉटरी? जानिए पूरी कहानी
विष्णु बर्मन एक साधारण मजदूर थे, जो रोज मेहनत करके अपने परिवार का पेट पालते थे. उन्होंने हफ्ते में एक-दो बार लॉटरी टिकट खरीदने की आदत बना रखी थी. उन्हें उम्मीद नहीं थी कि एक दिन उनकी किस्मत इतनी चमक जाएगी.
जिस दिन लॉटरी के नतीजे घोषित हुए, वे पहले तो विश्वास नहीं कर सके. बार-बार नंबर मिलाने के बाद जब उन्हें यकीन हुआ कि वे सच में 1 करोड़ रुपये जीत चुके हैं, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा लेकिन इसके साथ ही डर भी लगने लगा. इतनी बड़ी रकम जीतने के बाद कहीं कोई धोखा न दे दे, इस डर से उन्होंने साहेबगंज पुलिस स्टेशन जाकर अपनी सुरक्षा की मांग की.
गांव में मची धूम, लोग लेने लगे सलाह
जैसे ही विष्णु बर्मन की जीत की खबर फैली, गांव के लोग उनसे लॉटरी के बारे में सवाल पूछने लगे. कुछ लोग भी अब लॉटरी टिकट खरीदने के लिए उत्साहित हो गए. गांव में चर्चा होने लगी कि अगर किस्मत अच्छी हो तो लॉटरी भी अमीर बना सकती है.
लॉटरी जीतने का जादू – क्या यह सच में आसान है?
लॉटरी एक ऐसी चीज है, जो किसी भी गरीब को एक झटके में अमीर बना सकती है. लेकिन यह पूरी तरह से किस्मत का खेल है. इसमें न तो कोई मेहनत लगती है, न ही कोई दिमाग, सिर्फ भाग्य पर भरोसा करना होता है. विष्णु बर्मन की कहानी हमें यही सिखाती है कि छोटे-छोटे फैसले भी जिंदगी में बड़ा बदलाव ला सकते हैं.
February 27, 2025, 15:03 IST

