Last Updated:
Two Girls Marriage Viral News : सुपौल जिले से सामने आई एक खबर ने न सिर्फ स्थानीय समाज को चौंकाया है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी बहस का नया दौर शुरू कर दिया है. त्रिवेणीगंज में दो युवतियों द्वारा आपसी सहमति से किया गया समलैंगिक विवाह अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है. यह मामला केवल एक शादी का नहीं, बल्कि बदलते सामाजिक रिश्तों और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की हद को लेकर भी चर्चा को गंभीर बना रहा है.
सुपौल में लड़कियों का समलैंगिक विवाह वायरल (तस्वीर-AI जेनरेटेड)सुपौल. बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज से एक हैरान करने वाला और चर्चा में बना मामला सामने आया है, जहां दो युवतियों ने आपसी सहमति से समलैंगिक विवाह कर लिया है. यह अनोखी शादी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है. मामला त्रिवेणीगंज नगर परिषद के वार्ड 18 का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियों की पहचान करीब दो वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी. सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे गहरी दोस्ती में बदली और फिर यह रिश्ता प्यार में तब्दील हो गया. लंबे समय तक एक-दूसरे को समझने और साथ समय बिताने के बाद दोनों ने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया.
दो दिलों का फैसला और गैस चूल्हे के फेरे
मंगलवार की देर रात दोनों युवतियां चुपचाप त्रिवेणीगंज मेलाग्राउंड स्थित एक मंदिर पहुंचीं, जहां सादे तरीके से विवाह संपन्न कराया गया. शादी के दौरान दोनों ने गैस चूल्हे के चारों ओर सात फेरे लिए. उस समय मंदिर परिसर में बहुत कम लोग मौजूद थे, जिस कारण यह घटना तुरंत किसी की नजर में नहीं आई. लेकिन, जब लड़कियों के आपस में अनोखी शादी की खबर सामने आई तो यह बहस का विषय बन चुकी है.
सुपौल के त्रिवेणीगंज में पूजा गुप्ता और काजल कुमारी ने समलैंगिक विवाह कर सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरी.
खामोशी में शादी, सोशल मीडिया पर शोर
बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां पिछले दो महीनों से वार्ड 18 में किराए के एक कमरे में साथ रह रही थीं और एक ही मॉल में काम करती हैं. बुधवार सुबह जब वे शादी के बाद अपने कमरे पर लौटीं, तो आसपास के लोगों को इस विवाह की जानकारी मिली. इसी बीच दोनों ने अपनी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया.
सुपौल में समलैंगिक विवाह की चर्चा
नवविवाहित युवतियों की पहचान मधेपुरा जिले के मुरलीगंज गोशाला चौक वार्ड 8 निवासी 21 वर्षीय पूजा गुप्ता और शंकरपुर थाना क्षेत्र के मौरा बघला वार्ड 1 निवासी 18 वर्षीय काजल कुमारी के रूप में हुई है. पूजा गुप्ता ने दूल्हे की भूमिका निभाई, जबकि काजल कुमारी दुल्हन बनीं. दोनों का कहना है कि उन्हें लड़कों में कोई दिलचस्पी नहीं है और उनका रिश्ता भावनात्मक जुड़ाव पर आधारित है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं. इस अनोखी शादी को लेकर इलाके में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और फिलहाल यह मामला पूरे सुपौल जिले में चर्चा का केंद्र बना हुआ है.
About the Author
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें

