लखनऊ: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी का वेडिंग कार्ड सामने आ गया है. कार्ड को उदयपुर थीम पर डिजाइन किया गया है. रिंकू ने अपनी बहन नेहा के साथ बैठकर इस कार्ड का चयन किया. फिर, इस राजस्थानी डिजाइन को फाइनल किया गया. इस शादी में क्रिकेट और राजनीति की दुनिया की कई बड़ी हस्तियों को बुलाए जाने की चर्चा है. हालांकि, शादी में शामिल होने वाले मेहमानों की आधिकारिक लिस्ट अभी सामने नहीं आई.
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी को लेकर दोनों परिवारों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. पूरे आयोजन के दौरान पारिवारिक लोगों की जुटान पैतृक आवास से लेकर होटल तक होगी. जानकारी के मुताबिक, अबतक कई हस्तियों को विशेष निमंत्रण दिया जा चुका है. इस आयोजन में खेल और राजनीति से जुड़े कई लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं. ऐसे में उनकी तरफ से राजनीतिक जगत के कई नेताओं को न्योता दिए जाने की चर्चा है.
राजस्थानी शाही थीम पर डिजाइन किया गया कार्ड
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज के शादी के कार्ड को बेहद शाही अंदाज में तैयार किया गया है. इसकी डिजाइन में राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति और राजसी खूबसूरती की झलक देखने को मिलती है. कार्ड में संगमरमर से बने आलीशान महलों और खूबसूरत झीलों को दर्शाया गया है, जो उदयपुर की शाही विरासत की याद दिलाते हैं. क्रीम, गुलाबी और गोल्डन रंगों का इस्तेमाल इसकी खूबसूरती को और निखारता है. वहीं, फूलों की बारीक कलाकारी और आकर्षक बॉर्डर इसे एक खास और प्रीमियम लुक देते हैं.
शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर बटोर रही सुर्खियां
यह शादी का कार्ड अब सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है. दोनों की शादी को लेकर क्रिकेट जगत से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चाओं का दौर जारी है. वेडिंग कार्ड की तस्वीरें सामने आने के बाद इंटरनेट पर इसे लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई है. सोशल मीडिया पर शादी से जुड़ी पोस्ट और चर्चाएं लगातार वायरल हो रही हैं. वहीं, अलीगढ़ में रिश्तेदारों और खास मेहमानों को निमंत्रण पत्र बांटने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है.
जानिए प्रिया सरोज के पिता ने क्या कहा
रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम और आईपीएल में अपनी पहचान बना चुके हैं. उनकी तरफ से क्रिकेट जगत के खिलाड़ियों और दूसरी जानी-मानी हस्तियों को बुलाया जा सकता है. इधर, प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज के मुताबिक, गांव में ही मुंडन समेत पारंपरिक रस्में पूरी होंगी. उनका परिवार 3 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगा. जहां होटल रमाडा होटल में शादी से जुड़े अन्य आयोजन पूरे होंगे. उनके मुताबिक, शादी का निमंत्रण पत्र बांटने का काम शुरू हो चुका है.
गांव में भी होंगे आयोजन
वही, प्रिया सरोज के मुताबिक, गांव में कुछ कार्यक्रम होंगे. जिसमें गांव के लोग भी शामिल होंगे. बताते चले कि, रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी. इस समारोह में दोनों परिवारों के सदस्यों के साथ कई जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हुई थीं. सगाई के बाद से ही दोनों की शादी को लेकर चर्चा चल रही थी. अब 4 दिसंबर की तारीख तय होने के बाद दोनों परिवार विवाह की तैयारियों में जुट गए हैं. क्रिकेट और राजनीति से जुड़े होने के कारण इस शादी पर लोगों की नजरें टिकी हैं.

