Last Updated:
Pali News : पाली के रायपुर उपखंड में भारी बारिश से पुलिया बही, कई गांवों का संपर्क टूटा. लोगों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है. लगातार बारिश के कारण एहतियात के तौर पर कई सरकारी और निजी स्कूलों की छुट्टी समय से पहले कर दी गई. घर लौटते समय बच्चों के सामने रास्ते में उफनते नालों को पार करने की चुनौती खड़ी हो गई.
पाली. पाली जिले की सीमा से सटे रायपुर उपखंड से तेज बारिश के बीच हालात बेहद गंभीर हो गए हैं. लगातार बारिश ने सड़कों और पुलियों को भारी नुकसान पहुंचाया है. झाला की चौकी से भिला जाने वाले मार्ग पर बनी मुख्य पुलिया तेज बहाव में बह गई, जिससे कई गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है. वहीं उफनते नालों के बीच लोगों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है.
मूसलाधार बारिश के चलते झाला की चौकी से भिला जाने वाले मार्ग पर बनी मुख्य पुलिया तेज बहाव में पूरी तरह बह गई. इसके बाद इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है. पुलिया टूटने से आसपास के कई गांवों का संपर्क कट गया है. ग्रामीणों को मजबूरी में वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि कई जगह लोगों को उफनते नालों से होकर गुजरना पड़ रहा है.
मासूमों को कंधों पर बैठाकर कराया नाला पार
लगातार बारिश के कारण एहतियात के तौर पर कई सरकारी और निजी स्कूलों की छुट्टी समय से पहले कर दी गई. घर लौटते समय बच्चों के सामने रास्ते में उफनते नालों को पार करने की चुनौती खड़ी हो गई. सेंदड़ा इलाके से सामने आई तस्वीरों में अभिभावक और ग्रामीण छोटे बच्चों को अपनी पीठ और कंधों पर बैठाकर नाला पार कराते नजर आए. तेज बहाव के बीच यह दृश्य हर किसी को चिंता में डालने वाला रहा.
लगातार बारिश से रायपुर उपखंड की बिराटिया खुर्द और मेघड़दा क्षेत्र की सुकड़ी नदी सहित कई छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं. मौसम विभाग के अलर्ट के बीच हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. कई मार्ग बंद होने से लोगों की आवाजाही बाधित रही और बाजारों में भी सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं. क्षेत्र में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक 46 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इससे पहले रातभर में 22 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई थी.
बारिश से राहत भी, परेशानी भी
बारिश से किसानों में खुशी का माहौल है, क्योंकि इससे खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है. वहीं दूसरी ओर पुलिया टूटने, सड़कों के क्षतिग्रस्त होने और रास्ते बंद होने से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके बाद प्रशासन अलर्ट पर है और संवेदनशील क्षेत्रों के साथ नदी-नालों की लगातार निगरानी की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…
और पढ़ें

