Last Updated:
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. एक छोटी मगर खूनी मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप आतंकी कमांडर फौजी मूसा मारा गया है. सूत्रों के अनुसार, मूसा को 2025 के पहलगाम हमले के बाद शिद्दत से तलाशा जा रहा था.
बडगाम में आतंकी मूसा ढेर. (फाइल फोटो : IANS)
श्रीनगर: सेंट्रल कश्मीर के बडगाम के गुरवैथकलां इलाके में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर एक खूंखार आतंकी को ढेर कर दिया है. मारे गए आतंकी की पहचान मूसा के तौर पर हुई है. सूत्रों के मुताबिक, मूसा 2025 के पहलगाम हमले में शामिल था. उस वीभत्स कांड के कुछ गुनहगारों को सेना पहले ही जहन्नुम पहुंचा चुकी है. मंगलवार (29 सितंबर) को सुरक्षा एजेंसियों को इलाके में आतंकियों के छिपे होने की पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी. इस इनपुट के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया. खुद को घिरता देख आतंकी ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी. जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आतंकी मूसा को मार गिराया. इस एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में कॉर्डन और सर्च ऑपरेशन बडे पैमाने पर चलाया जा रहा है. सुरक्षाबल लगातार इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे हैं.
गुरवैथकलां में सुरक्षाबलों ने कैसे आतंकी मूसा को घेरा?
बडगाम जिले के गुरवैथकलां इलाके में आतंकियों की हलचल की सटीक खबर मिली थी. इस सूचना पर सेना और पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला. जवानों ने इलाके की घेराबंदी करके सर्च ऑपरेशन शुरू किया. छिपे हुए आतंकी मूसा को सरेंडर करने के लिए कहा गया. आतंकी ने खुद को बचाने के लिए जवानों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने बेहद सधे हुए तरीके से जवाबी फायरिंग की. इस मुठभेड़ में आतंकी मूसा मौके पर ही मारा गया. सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को अभी भी सील कर रखा है. वहां मौजूद हर संदिग्ध कोने की बारीकी से जांच की जा रही है.
Budgam Encounter: बडगाम में लश्कर का टॉप कमांडर ढेर, Jammu Kashmir में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी pic.twitter.com/pgsQYEmNPZ

