राजकोट के मोरबी रोड पर रेलवे ट्रैक के पास बने एक सुनसान और अंधेरे कुएं से 35 वर्षीय योगेशभाई मकवाना को दमकल विभाग ने सुरक्षित बाहर निकाला है. बताया जा रहा है कि युवक पिछले दो दिनों से कुएं में फंसा हुआ था. रात के समय वहां से गुजर रहे एक फायर फाइटर को कुएं से ‘बचाओ… बचाओ…’ की कमजोर आवाज सुनाई दी. इसके बाद तुरंत रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. हाई पावर सर्च लाइट, रस्सियों और दूसरे विशेष उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया. कुएं में भूख, प्यास और जहरीले सांपों का भी खतरा था. रेस्क्यू के बाद 108 एम्बुलेंस से उसे राजकोट सिविल अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने उसके परिवार को घटना की जानकारी दे दी है.

