Last Updated:
Assam Satellite Launch: अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में असम एक ऐतिहासिक छलांग लगाने की पूरी तैयारी कर चुका है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एलान किया है कि राज्य सरकार अपना खुद का पृथ्वी अवलोकन उपग्रह लॉन्च करने के लिए प्राइवेट सेक्टर पार्टनर चुनने के अंतिम चरण में पहुंच गई है. इस अनूठी पहल के साथ ही असम भारत का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा, जिसके पास अंतरिक्ष में अपना स्वतंत्र ‘अर्थ ऑब्जर्वेशन सिस्टम’ होगा.
सीएम हिमंत सरमा ने कहा कि स्पेस टेक्नोलॉजी में असम सक्रिय साझेदार बनेगा. (सांकेतिक तस्वीर)
गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार अपना उपग्रह प्रक्षेपित करने के लिए निजी क्षेत्र से साझेदार चुनने की प्रक्रिया के अंतिम चरण में है. सरमा ने दावा किया कि असम भारत का पहला ऐसा राज्य होगा, जिसके पास अपनी पृथ्वी अवलोकन प्रणाली होगी. उन्होंने कहा कि सरकार ‘डीबीएलओटीटी मॉडल’ के तहत उपग्रह संचालित करेगी.
उन्होंने कहा, “इस साल की शुरुआत में हमने डीबीएलओटीटी मॉडल (डिजाइन, निर्माण, प्रक्षेपण, संचालन, प्रशिक्षण और हस्तांतरण) के तहत कार्यान्वयन साझेदार का चयन करने के लिए अभिरुचि पत्र (ईओआई) आमंत्रित की थी.” सरमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “भारत की निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की कंपनियों की ओर से मजबूत रुचि दिखाए जाने के बाद अब हम साझेदार के चयन के अंतिम और महत्वपूर्ण चरण में हैं. इसके लिए गठित समितियां प्रस्तावों का मूल्यांकन कर रही हैं.”
उन्होंने कहा कि ‘असमसैट’ एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है. सरमा ने कहा कि असम अब केवल उपग्रह डेटा का उपयोग करने वाला राज्य नहीं रहेगा, बल्कि अंतरिक्ष-प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र में सक्रिय भागीदार बनेगा. इससे शासन व्यवस्था में तेजी आएगी और फैसले साक्ष्यों पर आधारित होंगे.
पिछले साल मार्च में 2025-26 का राज्य बजट पेश करते हुए तत्कालीन वित्त मंत्री अजंता नियोग ने घोषणा की थी कि राज्य सरकार अपना उपग्रह बनाएगी. उन्होंने कहा था कि इससे महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए डेटा जुटाने में मदद मिलेगी और राज्य की सीमा पर निगरानी भी रखी जा सकेगी.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें

