Last Updated:
Bullet Train Platform : देश में बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारियों के साथ ही भारतीय रेलवे ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली है. अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन के लिए बनाए गए रेलवे स्टेशन के नीचे ही सामान्य ट्रेनों के संचालन के लिए भी प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं. इस तरह का प्लेटफॉर्म देश में पहली बार बनाया गया है.
अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन स्टेशन के नीचे सामान्य ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं.
नई दिल्ली. भारतीय रेलवे में पहली बार ऐसा होने जा रहा है, जब बुलेट ट्रेन स्टेशन के नीचे से भारतीय रेलवे की सामान्य यात्री ट्रेनें गुजरेंगी. गुजरात के अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर इसके लिए तीन नए प्लेटफॉर्म और ब्रॉड गेज रेल लाइनें तैयार हो गई हैं. रेल संरक्षा आयुक्त यानी CRS ने इनका निरीक्षण भी कर लिया है. अब जरूरी सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद इन प्लेटफॉर्म से ट्रेनों का परिचालन शुरू हो सकेगा.
दरअसल, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर बुलेट ट्रेन स्टेशन बनाया जा रहा है. इसी के नीचे भारतीय रेलवे की दूसरी यात्री ट्रेनों के परिचालन के लिए भी रेल लाइनें और प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं. इसे रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास की एक खास उपलब्धि माना जा रहा है. अहमदाबाद स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 10, 11 और 12 तैयार किए गए हैं. इनसे आने वाले समय में एक्सप्रेस ट्रेन, वंदे भारत एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों का परिचालन किया जा सकेगा. बुलेट ट्रेन परियोजना के निर्माण के कारण प्लेटफॉर्म नंबर 10 को जुलाई 2022 से बंद कर दिया गया था. अब तीनों प्लेटफॉर्म के लिए नई रेल लाइनें तैयार होने से यहां दोबारा यात्री ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है.
अहमदाबाद में रेल नेटवर्क भी होगा मजबूत
अहमदाबाद में ट्रेनों की आवाजाही बेहतर बनाने के लिए असारवा रेलवे स्टेशन से साबरमती ए केबिन के बीच नई बायपास रेल लाइन भी तैयार की गई है. इसका भी CRS ने निरीक्षण किया है. इसके अलावा अहमदाबाद रेलवे स्टेशन और कांकरिया डिपो के बीच पांचवीं रेल लाइन विकसित करने का काम भी रेल परिचालन की क्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, नई रेल लाइनों और प्लेटफॉर्म से भविष्य में ट्रेनों की आवाजाही को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिलेगी.
सुरक्षा मंजूरी के बाद शुरू होगा परिचालन
अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने इसे भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि CRS का निरीक्षण पूरा हो चुका है. जरूरी सुरक्षा मंजूरी और दूसरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन प्लेटफॉर्म से यात्री ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा सकेगा. इस परियोजना की खास बात यह है कि बुलेट ट्रेन जैसी आधुनिक रेल व्यवस्था के साथ पारंपरिक यात्री ट्रेनों के परिचालन के लिए भी एकीकृत रेल ढांचा तैयार किया गया है. इससे अहमदाबाद स्टेशन की क्षमता बढ़ने और यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…

