Last Updated:
वायनाड की कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केरल चुनाव प्रचार में बुधवार को केंद्र और राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके पास पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच वहां काम कर रहे भारतीयों की सुरक्षा के लिए या उनकी वापसी के लिए कोई योजना नहीं है.

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का बड़ा हमला.
वायनाड. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके पास पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच वहां काम कर रहे भारतीयों की सुरक्षा के लिए या उनकी वापसी के लिए कोई योजना नहीं है. वायनाड से सांसद प्रियंका ने प्रधानमंत्री पर विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) में प्रस्तावित संशोधनों से अल्पसंख्यकों पर हमला करने का भी आरोप लगाया और दावा किया कि इससे कई परोपकारी और ईसाई संगठन बंद होने पर मजबूर हो जाएंगे.
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इस समय लोगों की मदद के बजाय केरल की वामपंथी सरकार अपने ‘भ्रष्ट’ नेताओं की कथित अनियमितताओं पर उन्हें बचाने के लिए भाजपा के साथ सौदेबाजी में व्यस्त है. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ‘खुद को बचाने के लिए’ अमेरिका और इज़राइल के सामने झुक रहे हैं और न तो केंद्र और न ही केरल की वाम सरकार के पास राज्य के उन लाखों लोगों को सुरक्षा प्रदान करने या घर वापसी का मार्ग मुहैया कराने की कोई योजना है जो लड़ाई के बीच खाड़ी इलाके में फंसे हुए हैं.
उन्होंने नौ अप्रैल को होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए यूडीएफ के अभियान के तहत वायनाड लोकसभा के कलपेट्टा, सुल्थान बाथेरी और मानंथवडी विधानसभाओं में जनसभाओं में ये आरोप लगाए. इससे पहले कलपेट्टा में कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि केरल में मुंडक्कई-चूरलमाला भूस्खलन की घटना के पीड़ितों के लिए पार्टी की आवासीय परियोजना में राज्य की वाम सरकार से मंजूरी समय पर न मिलने की वजह से देरी हुई.

