Last Updated:
कांग्रेस से निलंबित विधायक राहुल मामकूटाथिल पर यौन उत्पीड़न के आरोप फिर चर्चा में हैं. नई ऑडियो क्लिप और चैट वायरल हुई हैं. राहुल ने आरोपों को खारिज किया और कानूनी कार्रवाई की बात कही है. जांच जारी है. अगस्त में भी उन पर आरोप लगे थे, जिसके बाद उन्हें निलंबित किया गया था.
कांग्रेस से निलंबित विधायक राहुल मामकूटाथिल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप फिर से चर्चा में हैं.कांग्रेस से निलंबित विधायक राहुल मामकूटाथिल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप फिर से चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर नई वॉट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट और एक कथित ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है. हालांकि राहुल ने इन आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने कहा है कि मामले की जांच जारी है और वह कानूनी कदम उठाएंगे.
इस वायरल ऑडियो में दावा किया जा रहा है कि महिला गर्भावस्था के शुरुआती दिनों में झेल रही कठिनाइयों के बारे में उस व्यक्ति से बात कर रही है, जबकि कथित तौर पर राहुल की आवाज़ उसे अस्पताल जाने की बात रूखे अंदाज में कहती सुनाई देती है. एक चैट स्क्रीनशॉट में कथित तौर पर राहुल का मैसेज दिख रहा है, ‘मैं तुम्हें प्रेग्नेंट करना चाहता हूं, मुझे हमारा बच्चा चाहिए. हालांकि इस ऑडियो और चैट की सत्याता की पुष्टि नहीं की सकी है.
पलक्कड़ में पत्रकारों से बात करते हुए राहुल मामकूटाथिल ने कहा कि वह जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं और आरोपों से निपटने के लिए कानूनी कार्रवाई करेंगे. उन्होंने कहा, ‘मैं शुरू से जांच में पूरा सहयोग कर रहा हूं और जांच आगे बढ़ रही है. एक ऑडियो क्लिप मेरे नाम पर चलाया जा रहा है. अगर रिलीज़ करने से पहले मुझसे पूछा गया होता तो मैं स्पष्ट कर सकता था. अब मेरी तस्वीर के साथ ऑडियो जारी कर दिया गया है और उसके बाद पूछा जा रहा है कि क्या ये मेरी आवाज़ है… इसका कोई अर्थ नहीं है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मेरे पास कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार है और मैं उस अधिकार का इस्तेमाल करूंगा. मुझे पूरा विश्वास है कि मैंने इस देश का कोई कानून नहीं तोड़ा है. कानून का पालन करने वाले नागरिक के नाते मैं कानूनी रास्ता अपना रहा हूं. जांच जारी है.’
गौरतलब है कि इससे पहले अगस्त में एक मलयालम अभिनेत्री और लेखिका ने राहुल पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, जिसके बाद उन्हें पार्टी गतिविधियों से निलंबित किया गया और उन्होंने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था.
यह नई ऑडियो क्लिप कथित तौर पर उसी पूर्व विवादित ऑडियो के आगे का हिस्सा बताई जा रही है, जिससे यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल सामग्री असली है या आरोप बेबुनियाद हैं.

