मनीष सिंह, नोएडा: सेक्टर 18 में बुधवार रात घर जाने के दौरान एक महिला पत्रकार के साथ छेड़छाड़ करने वाले दो मनचलों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। निजी चैनल की पत्रकार घर जाने के लिये कैब आने का इंतजार कर रही थीं। आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने उन पर अभद्र टिप्पणी की। घर पहुंचने के बाद पीड़िता ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बाइक सड़क से गुजरी और पीछे बैठे आदमी ने हाथ हिलाकर पूछा क्या रेट लेगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और आरोपियों को गुरुवार देर रात धर दबोचा।पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से युवती पर अभद्र कमेंट करने की सूचना प्राप्त हुई। तुरंत पीड़िता से संपर्क कर थाना सेक्टर-20 में केस दर्ज किया गया। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। 24 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी की पहचान अश्वत (25) और विपिन (27) के रूप में हुई है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद हुई है।
अखिलेश यादव ने उठाया था मुद्दा
आपको बता दें कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने लिखा था- ‘भाजपा राज में उप्र के अंदर नारी के मान-सम्मान से खिलवाड़ अपवाद नहीं रहा है। सत्ता के साये में बैठे लोग सरेआम ‘वीभत्स सवाल’ करके नारी को अपमानित कर रहे हैं। नोएडा में एक बार पुनः नारी की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य हुआ है। इससे कुछ दिनों पहले ‘दिलवाए’ गये बयान में कितनी सच्चाई थी, ये बात पता चलती है। घोर निंदनीय! दबंग अपराधियों के ख़िलाफ कठोरतम कार्रवाई हो।’