Last Updated:
Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच बुरी तरह उलझती दिख रही है. ऐसे लगता है कि अब सिया का परिवार उसको बचाने का जाल बुनने लगा है. सिया के भाई ने इस मामले में पुलिस पूछताछ में जो दावे किए हैं उससे पुलिस भी बुरी तरह कंफ्यूज हो गई है. उसने दावा किया है कि सिया केतन से ही शादी करना चाहती थी. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या चेतन सिया का ब्रेन वाश कर रहा था. वह उस पर दबाव बना रहा था कि वह केतन से दूरी बनाए?
सिया के भाई ने दावा किया है कि उसकी बहन केतन अग्रवाल से ही शादी करना चाहती थी.
Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच अब ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है, जहां पुलिस की थ्योरी और मुख्य आरोपी सिया गोयल के भाई के दावे आमने-सामने खड़े दिखाई दे रहे हैं. अब तक पुलिस का दावा था कि सिया अपने मंगेतर केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी और प्रेमी चेतन चौधरी के साथ नई जिंदगी बसाने के लिए उसने हत्या की साजिश रची. लेकिन अब सिया के भाई साहिल गोयल ने ऐसा बयान दिया है, जिसने पूरे मामले को लगभग 180 डिग्री घुमा दिया है.
साहिल गोयल ने पहली बार मीडिया के सामने आकर दावा किया कि सिया खुद उससे कह चुकी थी कि वह चेतन चौधरी से सारे रिश्ते खत्म कर चुकी है और अपनी पूरी जिंदगी केतन अग्रवाल के साथ बिताना चाहती है. साहिल के मुताबिक इसी भरोसे के कारण उसने कभी अपने माता-पिता को सिया और चेतन के पुराने रिश्ते के बारे में नहीं बताया.
साहिल ने कहा कि सिया ने उससे साफ कहा था कि अब उसके और चेतन के बीच कुछ नहीं है. उसने यहां तक कसम खाई थी कि वह केवल केतन से शादी करेगी और भविष्य में चेतन से कोई संपर्क नहीं रखेगी. भाई के मुताबिक उसे अपनी बहन की बातों पर पूरा भरोसा था, इसलिए उसने इस रिश्ते की जानकारी परिवार के किसी सदस्य से साझा नहीं की.
शादी को लेकर बेहद उत्साहित की सिया
साहिल का दावा यहीं खत्म नहीं होता. उसने बताया कि सिया अपनी शादी को लेकर बेहद उत्साहित थी. वह घंटों तक केतन के साथ वीडियो कॉल पर प्री-वेडिंग फोटोशूट की योजना बनाती थी, गाने चुनती थी और शूटिंग लोकेशन पर चर्चा करती थी. उसके मुताबिक शादी की तैयारियों में सिया पूरी तरह शामिल थी और कहीं से भी ऐसा नहीं लगता था कि वह यह रिश्ता तोड़ना चाहती है. हालांकि, इसी बयान ने जांच एजेंसियों के सामने नया सवाल खड़ा कर दिया है. क्योंकि पुलिस की अब तक की जांच इससे बिल्कुल अलग तस्वीर पेश कर रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आया है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी. जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि उसने अपने भाई साहिल को इस बारे में पहले ही बता दिया था. पुलिस को यह भी शक है कि साहिल को सिया और चेतन के रिश्ते की पूरी जानकारी थी, लेकिन उसने जानबूझकर परिवार को कुछ नहीं बताया.
विरोधाभास बना रहस्य
यानी एक तरफ भाई कह रहा है कि सिया ने खुद केतन से शादी करने की इच्छा जताई थी, वहीं दूसरी तरफ पुलिस का दावा है कि सिया इस शादी के खिलाफ थी. यही विरोधाभास अब पूरे मामले का सबसे बड़ा रहस्य बन गया है. जांच के दौरान कुछ और तथ्य भी सामने आए हैं, जिन्होंने साहिल की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं. सूत्रों के मुताबिक प्री-वेडिंग शूट के लिए एयरपोर्ट जाने से पहले सिया ने जाने से इनकार किया था, लेकिन ड्राइवर के बयान के अनुसार साहिल ने कथित तौर पर उसे जबरन कार में बैठाया. इसके अलावा बाली ट्रिप से पहले केतन का पासपोर्ट फाड़े जाने की घटना के बाद भी साहिल की चुप्पी पुलिस के शक को और गहरा कर रही है.
इन्हीं कारणों से अब साहिल भी जांच के दायरे में आ गया है. हालांकि उसे अभी तक आरोपी नहीं बनाया गया है, लेकिन पुलिस उससे करीब 10 घंटे तक पूछताछ कर चुकी है और उसका विस्तृत बयान दर्ज किया गया है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या साहिल को हत्या की साजिश की पहले से कोई जानकारी थी या वह केवल पारिवारिक विवाद से अनजान था.
इस बीच, मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं. पुलिस का दावा है कि दोनों ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है. हालांकि अदालत में इस कथित स्वीकारोक्ति की कानूनी स्थिति अलग होगी और अंतिम निष्कर्ष जांच व न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा. फिलहाल केतन अग्रवाल हत्याकांड में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सिया सचमुच केतन के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी, जैसा उसका भाई कह रहा है, या फिर पुलिस की जांच सही है कि वह चेतन के साथ रहने के लिए इस रिश्ते से छुटकारा चाहती थी?
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें

