जुरेल के विकेट से पलटा मैच
इस मैच में राजस्थान की टीम को जीत के लिए आखिरी दो ओवर में सिर्फ 18 रन की जरूरत थी। जोस हेजलवुड 19वां ओवर डालने आए और उन्होंने इस पूरे ओवर में सिर्फ एक रन दिया। हेजलवुड के इस ओवर की पहली गेंद पर शुभम दुबे ने एक सिंगल लिया। इसके बाद तीसरी गेंद पर ध्रुव जुरेल को हेजलवुड ने आउट कर दिया। हेजलवुड की ये गेंद जुरेल के बल्ले का निचला किनारा लेकर कीपर के दस्तानों में समा गई, जिसके बाद आरसीबी की टीम ने रिव्यू ले लिया। रिव्यू के बाद थर्ड अंपायर ने मैदानी अंपायर को इस निर्णय को बदलने के लिए कहा और आरसीबी को जुरेल का एक महत्वपूर्ण विकेट मिल गया।
हेजलवुड ने किया कमाल
इस मैच में जोश हेजलवुड ने कमाल का प्रदर्शन किया। हेजलवुड ने अपने स्पेल के पहले दो ओवर में 26 रन दिए थे। आज हेजलवुड की गेंदबाजी देखकर ऐसा लग रहा था जैसे वो लय में नहीं हैं। लेकिन अगले 2 ओवर में उन्होंने सिर्फ 7 रन दिए। जिसमें 19वें ओवर में उन्होंने सिर्फ 1 ही रन दिया। वहीं इसी के साथ हेजलवुड ने इस मुकाबले में 4 विकेट भी अपने नाम किए।
आरसीबी ने मारी बाजी
इस मैच में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 205 रन लगाए थे। जवाब में राजस्थान की टीम 9 विकेट खोकर सिर्फ 193 रन बना पाई। राजस्थान के लिए ध्रुव जुरेल ने सबसे ज्यादा 47 रन की पारी खेली। वहीं जोस हेजलवुड के 4 विकेट के दम पर आरसीबी इस मैच को जीतने में कामयाब रही। इससे पहले विराट कोहली ने 70 रन की एक बेहतरीन पारी आरसीबी के लिए खेली थी।

