Last Updated:
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कानपुर का पनकी धाम रेलवे स्टेशन तेजी से आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जा रहा है. नई स्टेशन बिल्डिंग, रिजर्वेशन और टिकट बुकिंग काउंटर, वेटिंग रूम, लाउंज समेत कई यात्री सुविधाएं लगभग तैयार हैं. स्टेशन के विकसित होने से पनकी, कल्याणपुर, रतनपुर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जबकि कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशन पर भी यात्रियों का दबाव कम होने की उम्मीद है.
कानपुर: पश्चिमी कानपुर के लाखों लोगों के लिए अच्छी खबर है. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पनकी धाम रेलवे स्टेशन का स्वरूप तेजी से बदल रहा है. स्टेशन की नई बिल्डिंग बनकर लगभग तैयार हो चुकी है, जबकि कई अन्य विकास कार्य अंतिम चरण में हैं. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही स्टेशन का लोकार्पण किया जाएगा और इसके बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा.अब तक पनकी, कल्याणपुर, रतनपुर, अरौल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए कानपुर सेंट्रल या गोविंदपुरी स्टेशन तक जाना पड़ता था. इससे समय के साथ-साथ अतिरिक्त खर्च भी होता था. लेकिन पनकी धाम स्टेशन के विकसित होने के बाद बड़ी संख्या में यात्रियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर रेलवे सुविधाएं मिल सकेंगी.
रिजर्वेशन, बुकिंग काउंटर और वेटिंग रूम की सुविधा
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए नए रिजर्वेशन और टिकट बुकिंग काउंटर तैयार किए गए हैं. इसके अलावा आधुनिक वेटिंग रूम, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, लाउंज और बेहतर यात्री सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है. स्टेशन परिसर को भी आकर्षक बनाया गया है ताकि यात्रियों को साफ-सुथरा और सुविधाजनक माहौल मिल सके.रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है. आने वाले वर्षों में यहां यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया गया है.
प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की भी तैयारी
डिप्टी सीटीएम आकांशु गोविल ने बताया कि वर्तमान में पनकी धाम स्टेशन पर श्रमशक्ति एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का ठहराव होता है. स्टेशन के विस्तार और विकास कार्य पूरे होने के बाद यहां और ट्रेनों के ठहराव की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है.उन्होंने कहा कि रेलवे की कोशिश है कि आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराई जाएं. इसके लिए ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है.
कानपुर सेंट्रल पर भी घटेगा दबाव
पनकी धाम स्टेशन के विकसित होने का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा. बड़ी संख्या में लोग अपने क्षेत्र के नजदीकी स्टेशन से ही ट्रेन पकड़ सकेंगे. इससे यात्रियों को ट्रैफिक और भीड़भाड़ से भी राहत मिलेगी.रेलवे अधिकारियों के मुताबिक प्लेटफॉर्म नंबर एक को नए स्वरूप में तैयार किया जा चुका है, जबकि अन्य प्लेटफॉर्मों और स्टेशन परिसर में भी कार्य जारी है. सभी काम पूरे होने के बाद पनकी धाम स्टेशन पश्चिमी कानपुर के लिए एक महत्वपूर्ण रेल केंद्र के रूप में उभरेगा. इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र के विकास और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें

