उधर चक्रवात दाना के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में मूसलाधार बारिश देखने को मिली।। हालांकि, किसी भी जिले में तूफान से गंभीर नुकसान की सूचना नहीं है। झारखंड में, चक्रवात दाना के प्रभाव से कोल्हान के पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जानिए यूपी-बिहार समेत दूसरे राज्यों में मौसम का हाल।
दिल्ली में गुलामी ठंड की दस्तक, एयर क्वालिटी में भी सुधार
राष्ट्रीय राजधानी में अनुकूल हवाओं के कारण शनिवार सुबह वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ, हालांकि अब भी एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई है। राजधानी में यह लगातार दूसरा दिन है जब एक्यूआई में सुधार हुआ है जबकि पिछले चार दिनों तक एक्यूआई ‘बेहद खराब’ रहा था। मुंडका और आनंद विहार में शनिवार को भी एक्यूआई ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। दिल्ली की वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (ईडब्ल्यूएस) के अनुसार, अगले एक-दो दिन तक अनुकूल हवा रहने की संभावना है, लेकिन प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण दो-तीन दिनों में प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ सकता है। 31 अक्टूबर तक एक्यूआई 400 भी पहुंच सकता है।
दिल्ली में कितना रहेगा तापमान, जानिए यूपी-बिहार का हाल
दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में कल यानी रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने के अनुमान है। दिन में आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम साफ रहेगा। बारिश के आसार नहीं हैं।
पश्चिम बंगाल में कहीं-कहीं बारिश के आसार
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में चक्रवात ‘दाना’ के कारण आयी भारी बारिश के एक दिन बाद शनिवार को आसमान साफ रहा। अधिकारियों ने बताया कि बारिश रुकने से कई इलाकों से पानी कम हो गया है जिससे लोगों को राहत मिली है। हालांकि, मौसम विभाग ने अभी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
| शहर | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
| दिल्ली | 19 | 34 |
| नोएडा | 21 | 33 |
| गाजियाबाद | 22 | 34 |
| पटना | 21 | 32 |
| लखनऊ | 22 | 34 |
| जयपुर | 21 | 34 |
| भोपाल | 18 | 34 |
| मुंबई | 22 | 31 |
| अहमदाबाद | 21 | 36 |
| जम्मू | 15 | 31 |
ओडिशा में कैसा रहेगा मौसम
ओडिशा में भीषण चक्रवाती तूफान ‘दाना’ ने शुक्रवार तड़के पूर्वी तट पर दस्तक दी थी, जिसके मूसलाधार बारिश और तेज हवा चलने के कारण पेड़ तथा बिजली के खंभे उखड़ गए। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बुनियादी ढांचे और फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। IMD ने अरब सागर में दक्षिणी तट पर चक्रवाती गतिविधि के कारण केरल के कई जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
केरल के इन जिलों में बारिश का पूर्वानुमान
एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड और वायनाड जिलों में 27 अक्टूबर तक बहुत भारी से लेकर अत्यधिक भारी बारिश होने की उम्मीद है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। IMD प्रभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह देता है, और निवासियों से मौसम अलर्ट पर अपडेट रहने का आग्रह करता है क्योंकि राज्य चक्रवात दाना के अवशिष्ट प्रभावों से जुड़े आगे के घटनाक्रमों के लिए तैयारी करते हैं।

