दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ प्रदूषण की मार
दिल्ली-एनसीआर में देर से ही सही लेकिन ठंड का आगाज हो चुका है और पारे में गिरावट भी दर्ज की गई है। सोमवार सुबह के वक्त न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंच गया था। जो आने वाले दिनों में और भी नीचे जाने की उम्मीद है और अधिकतम तापमान भी 26 डिग्री तक बने रहने की उम्मीद है। इसके साथ-साथ धुंध और प्रदूषण की दोहरी मार से भी लोगों को जूझना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि कल पारा और नीचे गिर सकता है। वहीं प्रदूषण से लोगों को राहत की कोई उम्मीद नहीं है।
राजस्थान में कोहरा पड़ने के बाद बढ़ी ठंड
राजस्थान के सीकर और नीमकाथाना समेत कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पूरे राज्य में ठंड बढ़ेगी। कुछ जिलों में फिलहाल सुबह-शाम ठंड का अहसास हो रहा है, दिन में धूप खिल रही है। लोगों ने सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेना भी शुरू कर दिया है। राजस्थान के सीकर में पारा गिरकर 7.5 डिग्री दर्ज तक किया गया है। मौसम विभाग ने भी राजस्थान के कई इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है। गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, चूरू, झुंझुनू, बीकानेर में अगले तीन दिन घना कोहरा रहने की संभावना जताई है। जयपुर मौसम केंद्र की ओर से की गई भविष्यवाणी के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान में कमी आएगी।
कल कहां-कितना रहेगा तापमान?
| शहर | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| दिल्ली | 14 | 25 |
| नोएडा | 16 | 27 |
| गाजियाबाद | 16 | 26 |
| पटना | 18 | 28 |
| लखनऊ | 15 | 29 |
| जयपुर | 14 | 29 |
| भोपाल | 12 | 29 |
| मुंबई | 19 | 34 |
| अहमदाबाद | 18 | 34 |
| जम्मू | 11 | 25 |
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
अगले 5 दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहेगा। देश के ज्यादातर हिस्सों में कोहरे का कहर देखने को मिलेगा। हिमाचल, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों तक घना कोहरा छाया रहेगा। राजस्थान और मध्यप्रदेश में भी घने कोहरे की संभावना है। दक्षिण भारत में केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश की आशंका है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, लक्षद्वीप, केरल और तमिलनाडु में गरज के साथ बारिश हो सकती है।

