कुक ने कंपनी का रिजल्ट जारी होने के बाद अर्निंग्स कॉल में कहा, ‘ऐपल भारत में अपने प्रदर्शन से बेहद उत्साहित है और भारत में कस्टमर्स के लिए चार नए स्टोर खोलने का ज्यादा इंतजार नहीं कर सकती।’ ऐपल ने पिछले साल भारत में दो स्टोर दिल्ली और मुंबई में खोले थे। कंपनी अब भारत में और चार स्टोर खोलने की तैयारी में है। ये स्टोर बेंगलुरु, पुणे, दिल्ली और मुंबई में होंगे। भारत में आईफोन इस्तेमाल करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है लेकिन देश में ऐपल के अब केवल दो ही स्टोर हैं। अमेरिका में इनकी संख्या 271, चीन में 47, यूके में 40 और कनाडा में 28 है।
आईफोन का एक्सपोर्ट
ऐपल ने हाल में लॉन्च आईफोन-16 के सारे वर्जन भारत में बनाना शुरू कर दिया है। कंपनी ने हाल में कहा कि उसने भारत में iPhone 16 Pro और Pro Max मॉडल बनाना शुरू कर दिया है। यह पहला मौका है जब कंपनी भारत में iPhones की पूरी लाइनअप का उत्पादन कर रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक इस साल कंपनी भारत से 10 अरब डॉलर के आईफोन का एक्सपोर्ट कर सकती है। अप्रैल से सितंबर के दौरान कंपनी ने छह अरब डॉलर के आईफोन एक्सपोर्ट किए जो पिछले साल की तुलना में एक-तिहाई अधिक है।

