Last Updated:
Dr. shyama prasad mukherjee sacrifice day: पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक श्लोक साझा कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है. इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है.
पीएम मोदी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उनको श्रद्धांजलि दी है.
Dr. shyama prasad mukherjee sacrifice day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एक्स पर संस्कृत सुभाषित शेयर किया. इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनके बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि भी दी. पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा- निःस्वार्थ भाव से राष्ट्र और समाज की सेवा में आजीवन समर्पित रहे देश की महान विभूति डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी को उनके बलिदान दिवस पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि. उनके प्रखर विचार और आदर्श देश की हर पीढ़ी को मातृभूमि की सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे.
प्रधानमंत्री ने एक श्लोक “न कर्मणा न प्रजया धनेन त्यागेनैके अमृतत्वमानशुः. परेण नाकं निहितं गुहायां विभ्राजते यद्यतयो विशन्ति॥” भी साझा किया है. इसका हिंदी अर्थ है कि अमृतत्व केवल कर्म, धन या वंश से प्राप्त नहीं होता, बल्कि त्याग और उच्च आदर्शों के प्रति पूर्ण समर्पण से प्राप्त होता है. जो यतिजन राष्ट्र, समाज और सत्य के लिए अपने स्वार्थों का त्याग करते हैं, उनका जीवन, काल की सीमाओं से परे जाकर जनमानस में अमर हो जाता है.
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा- उनका अटूट संकल्प, सार्वजनिक जीवन में साहस और राष्ट्रीय हित के प्रति समर्पण पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा. डॉ. मुखर्जी का बलिदान हमारी सामूहिक स्मृति में सदैव अंकित रहेगा. हम उन मूल्यों से प्रेरित होकर एक सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं, जिन्हें उन्होंने अपने अंतिम क्षणों तक अपनाया और जिनके लिए कार्य किया.
दिल्ली की सीएम ने दी श्रद्धांजलि
मुखर्जी की पुण्यतिथि पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता समेत अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि दी. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और अन्य भाजपा नेताओं ने इस मौके पर पौधारोपण भी किया. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं हम सभी के प्रेरणास्रोत श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आज दिल्ली गेट स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी.
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहा. भारत की अखंडता के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और समर्पण का अमर प्रतीक है. इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा के साथ पार्क में पौधारोपण भी किया. कार्यक्रम में वरिष्ठ पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में साथी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही. राष्ट्र की सेवा और समर्पण के अमर प्रतीक श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को कोटि-कोटि नमन.
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा- आज, इस बहुत ही महत्वपूर्ण मौके पर हम भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देने के लिए इकट्ठा हुए हैं. चाहे हम सरकार में काम कर रहे हों या संगठन में, भाजपा के सभी कार्यकर्ता और नेता आज जिस विचारधारा, नीतियों और विजन के साथ सेवा करते हैं, उसकी नींव उन्होंने ही रखी थी.
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष थे. उन्होंने भारत को एकजुट रखने के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाया, तो उस बलिदान का सही अर्थ सार्थक हुआ. इसके परिणामस्वरूप, जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बन गया और अब भारत का संविधान सीधे जम्मू-कश्मीर पर लागू होता है.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें

