Last Updated:
अंबाला में जून की भीषण गर्मी और 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान ने लोगों को राहत की तलाश में पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने पर मजबूर कर दिया है. छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में परिवार कुल्लू-मनाली का रुख कर रहे हैं, जिससे अंबाला छावनी बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है. हरियाणा रोडवेज की बसें नियमित रूप से इस रूट पर संचालित हो रही हैं, जबकि गर्मी के कारण कुल्लू-मनाली जाने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा देखा जा रहा है.
अंबाला: जून की भीषण गर्मी ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है,ओर तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है जिसमें गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर रही हैं. दरअसल ऐसे में स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही परिवारों ने राहत की तलाश में पहाड़ी पर्यटन स्थलों का रुख करना शुरू कर दिया है. बता दें कि हरियाणा के अंबाला जिले से इन दिनों बड़ी संख्या में लोग कुल्लू-मनाली की ओर रवाना हो रहे हैं. इसका असर अंबाला छावनी बस स्टैंड पर भी साफ दिखाई दे रहा है, जहां रोजाना कुल्लू-मनाली जाने वाली बसों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, क्योंकि पहाड़ों की ठंडी हवाएं, हरियाली से घिरी वादियां और प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है.
कुल्लू-मनाली लोगों की पहली पसंद
खासकर बच्चों की छुट्टियों के दौरान परिवार कुछ दिन सुकून और ठंडक भरे माहौल में बिताने के लिए कुल्लू-मनाली को पहली पसंद बना रहे हैं. बस स्टैंड पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ देखने को मिल रही है और कई बसें अपनी क्षमता के अनुरूप यात्रियों से भरकर रवाना हो रही हैं.
क्या है टाइमिंग
वहीं इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला छावनी बस स्टैंड के काउंटर इंचार्ज बहादुर सिंह ने बताया कि हरियाणा रोडवेज की ओर से अंबाला से कुल्लू-मनाली के लिए प्रतिदिन पांच बसों का संचालन किया जाता है जिसमें पहली बस सुबह 7 बजे रवाना होती है, जबकि आखिरी बस शाम 7:30 बजे कुल्लू-मनाली के लिए निकलती है. उन्होंने बताया कि इन बसों के अलावा अन्य परिवहन सेवाओं की बसें भी अपने निर्धारित समय के अनुसार इस रूट पर संचालित होती हैं.उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में कुल्लू-मनाली जाने वाले यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है.
कई परिवार बच्चों के साथ छुट्टियां बिताने के लिए पहाड़ों की ओर जा रहे हैं, यही कारण है कि पिछले कुछ दिनों से बसों में सीटों की मांग भी बढ़ी है. हालांकि, यात्रियों को टिकट के लिए किसी प्रकार की अग्रिम बुकिंग कराने की आवश्यकता नहीं होती,ओर बस में बैठने के बाद ही कंडक्टर द्वारा टिकट जारी कर दिया जाता है.
क्या है किराया
वहीं बहादुर सिंह के अनुसार अंबाला से कुल्लू-मनाली तक सामान्य बस का किराया करीब 740 रुपये है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को नियमों के अनुसार विशेष रियायत भी प्रदान की जाती है.प्रत्येक बस में लगभग 52 सीटों की व्यवस्था है, जिससे यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलता है,ओर महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की सुविधा भी उपलब्ध है.उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों में पेयजल की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बसें प्रमुख पड़ावों पर 10 से 15 मिनट तक रुकती हैं और भोजन के लिए रास्ते में ढाबों पर भी ठहराव किया जाता है. इससे यात्रियों को सफर के दौरान आराम मिलता है.
तापमान बढ़ने से कुल्लू-मनाली जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा
वहीं अंबाला छावनी से कुल्लू-मनाली जाने वाली बसों का समय सुबह 7 बजे, 8:30 बजे, दोपहर 1 बजे, शाम 6 बजे और शाम 7:30 बजे निर्धारित है. वहीं कुल्लू और मनाली से अंबाला के लिए भी नियमित अंतराल पर बसों का संचालन किया जाता है. ऐसे में गर्मी के इस मौसम में कुल्लू-मनाली की ओर बढ़ता रुझान यह दर्शाता है कि लोग अब छुट्टियों को केवल घर तक सीमित नहीं रखना चाहते . परिवारों के साथ प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने और शहरों की भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पहाड़ी पर्यटन स्थलों की मांग लगातार बढ़ रही है. आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के साथ कुल्लू-मनाली जाने वाले यात्रियों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें

