सिनवार के शव पर अभी फैसला नहीं
न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि इजरायल अक्सर फिलिस्तीनी चरमपंथियों के शवों को अपने पास रखता है, ताकि भविष्य में हमास या अन्य आतंकवादी समूहों के साथ अदला-बदली में उनका इस्तेमाल किया जा सके। यह ठीक वैसा ही है, जैसा हमास ने इजरायली बंधकों के शवों के साथ किया है। अभी इजरायल ने यह नहीं बताया है कि सिनवार के शव को रखा जाएगा, हमास को वापस सौंपा जाएगा या दफनाया जाएगा।
सौदेबाजी में बनेगा हथियार
सीएनएन ने इजरायली सूत्रों के हवाले से बताया कि हमास नेता का शव गाजा की कैद से बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए ‘सौदेबाजी के हथियार’ रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। दो सूत्रों ने बताया कि सिनवार का शव बंधकों की वापसी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इजरायली अधिकारी इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि सिनवार के अवशेषों का लाभ कैसे उठाया जाएं।
अभी भी हमास की कैद में 100 से ज्यादा इजरायली बंधक हैं। हालांकि, इनमें करीब 40 को मार डाला गया है। एक इजरायली राजनयिक सूत्र ने सीएनएन से कहा कि ‘अगर हमास उनके (सिनवार) अवशेष को जीवित या मृत इजरायलियों से बदलना चाहता है, तो ठीक है।’ सूत्र ने बताया कि सिनवार के शव की गाजा वापसी इस सौदे पर निर्भर हो सकती है। अन्यथा उसे सौंपना संभव नहीं है।
सिनवार की बॉडी वापस भेजने पर खतरा
दूसरे सूत्र ने कहा कि सिनवार के शव को वापस करने की संभावना कम है। ऐसा करने पर हमास के समर्थकों के लिए उसकी कब्र एक तीर्थस्थल बन सकती है, जिससे आतंकवाद को बढ़ावा मिल सकता है। एक अन्य विशेषज्ञ का कहना है कि सिनवार को किसी अज्ञात स्थान पर दफनाया जाएगा। इजरायली यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि सिनवार से जुड़ी कोई भी जगह पूजनीय स्थल के रूप में न बदलने पाए।

