रात में बढ़ गई ठंड
अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य रहने के चलते केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने तक यात्रियों की संख्या बढ़ाने की उम्मीद है। देहरादून में दिन के समय खिल रही चटख धूप के कारण गर्मी हो रही है तो वहीं दिन और रात के तापमान में अंतर आने से रात के समय ठंड बढ़ गई है। आने वाले दिनों में भी ठंड बढ़ने के आसार हैं। हालांकि, दिन और रात के तापमान में काफी अंतर आ रहा है। जिसके चलते सर्द-गर्म होने से बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बारिश नहीं होने के चलते हवा की गुणवत्ता भी खराब हो रही है।
हवा की गुणवत्ता की होगी जांच
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक वायु और ध्वनि प्रदूषण की गुणवत्ता की जांच करेगा। दिवाली के त्योहार के समय 15 दिनों तक यह जांच हर वर्ष की जाती है। दिवाली के मद्देनजर 24 अक्टूबर से 7 नवंबर तक हवा और ध्वनि की गुणवत्ता की जांच होगी। इसके लिए हल्द्वानी, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश, रुड़की, हरिद्वार, काशीपुर, रुद्रपुर और टिहरी में जांच की जाएगी और इसकी रिपोर्ट प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भेजी जाएगी।
मौसम सुहावना बना हुआ
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में बदलते मौसम से मैदानी इलाकों के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। अक्टूबर के महीने में अभी तक दिन का अधिकतम तापमान के साथ ही न्यूनतम तापमान भी सामान्य बना हुआ है, लेकिन पर्वतीय क्षेत्र में हो रही हल्की बारिश के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है।

