Last Updated:
अमेरिका में काम करने वाले तमिलनाडु के टेक एक्सपर्ट शरद सुब्रमण्यम को केरल पुलिस ने AI के जरिए 200 से अधिक फर्जी बम धमकियां देने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी ने एयरपोर्ट, मुख्यमंत्री आवास, अदालतों और पद्मनाभस्वामी मंदिर सहित कई प्रमुख संस्थानों को निशाना बनाया था. वह विदेश में बैठकर न्यूज के जरिए धमकियों का असर ट्रैक करता था. देश भर में 1500 से ज्यादा धमकियां देने के आरोप में उसे चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने इस युवक को अरेस्ट कर लिया.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सही इस्तेमाल तो हर कोई सिखा रहा है, लेकिन इसका ऐसा खतरनाक और सनकी रूप देखकर किसी का भी दिमाग घूम जाएगा. अमेरिका में काम करने वाले एक भारतीय आईटी प्रोफेशनल ने AI की मदद से केरल के मुख्यमंत्री आवास, एयरपोर्ट, अदालतों और प्रसिद्ध मंदिरों को उड़ाने की 200 से ज्यादा फर्जी धमकियां दे डालीं. इतना ही नहीं, वह विदेश में बैठकर भारतीय न्यूज चैनलों पर अपनी इस ‘करामात’ का असर देखकर मजे भी लेता था. आखिरकार, तिरुवनंतपुरम साइबर क्राइम पुलिस ने इस सनकी टेक-आइटियन को दबोच लिया है.
एयरपोर्ट से लेकर सीएम आवास तक हड़कंप
37 वर्षीय आरोपी शरद सुब्रमण्यम मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है और पिछले 12 सालों से अमेरिका में आईटी सेक्टर में काम कर रहा था. आरोपी एआई रिसर्च से भी जुड़ा हुआ था. उसने अपने इस ज्ञान का इस्तेमाल पूरे केरल में दहशत फैलाने के लिए किया. उसने तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट, सीएम के आधिकारिक आवास ‘क्लिफ हाउस’, राजभवन, सचिवालय, जिला अदालत और फाइव-स्टार होटलों को निशाना बनाते हुए लगभग 40 धमकी भरे ईमेल भेजे. यहां तक कि उसने जर्मन काउंसलेट में RDX बम रखे होने की झूठी ईमेल भेजकर सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी थी.
जब मधुमक्खियों ने बोला हमला
आरोपी की एक फर्जी ईमेल के चलते 18 मार्च 2025 को तिरुवनंतपुरम कलेक्टर कार्यालय को खाली कराना पड़ा था. जब बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) जांच कर रहा था, तो अचानक मधुमक्खियों का छत्ता छट गया और उसने वहां मौजूद अधिकारियों पर हमला कर दिया. कई सीनियर अफसरों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. इसके अलावा आरोपी ने प्रसिद्ध श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर और आट्टुकल भगवती मंदिर की वेबसाइट्स से ईमेल आईडी निकालकर उन्हें भी उड़ाने की धमकी दी थी.
ऐसे चढ़ा खाकी के हत्थे
आरोपी का यह खेल ज्यादा दिन नहीं चल सका. जुलाई 2026 में जब वह चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचा, तो तमिलनाडु पुलिस ने उसे देश भर में 1500 से अधिक फर्जी बम धमकियां देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद तिरुवनंतपुरम साइबर क्राइम पुलिस टीम प्रोडक्शन वारंट पर उसे केरल ले आई. पुलिस का कहना है कि आरोपी एआई के जरिए ईमेल भेजता था और फिर लोकल न्यूज कवरेज देखकर यह ट्रैक करता था कि उसकी धमकी से शहर में कितना पैनिक फैला है.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…

