Last Updated:
UPSC OBC Creamy Layer: सुप्रीम कोर्ट के 11 मार्च के फैसले के बाद ओबीसी क्रीमी लेयर के नियमों पर असमंजस की स्थिति बन गई है. इसके चलते LBSNAA में होने वाली आईएएस की ट्रेनिंग अटक गई है. केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह सुप्रीम कोर्ट के जवाब का इंतजार कर रही है. इससे अन्य भर्तियों पर भी असर पड़ सकता है.
OBC Creamy Layer Rules: ओबीसी क्रीमी लेयर मामले पर विवाद बढ़ता जा रहा है
नई दिल्ली (OBC Creamy Layer). देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा यानी आईएएस की ट्रेनिंग 2 महीने से अटकी हुई है. इसने प्रशासनिक गलियारों से लेकर यूपीएससी में पास हुए अभ्यर्थियों तक में हलचल बढ़ा दी है. सुप्रीम कोर्ट ने 11 मार्च को ओबीसी क्रीमी लेयर के नियमों को लेकर फैसला सुनाया था. इसके बाद कंफ्यूजन हो गया कि नए नियम केवल आने वाली नई भर्तियों पर लागू होंगे या पुरानी चल रही भर्तियों और पुराने रिजल्ट पर भी इनका असर पड़ेगा. इसी वजह से आईएएस अधिकारियों की ट्रेनिंग रुकी हुई है.
कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने इस मामले की स्थिति स्पष्ट करते हुए एक नोट जारी किया है. विभाग ने पिछले 14 वर्षों के उम्मीदवारों के आंकड़े खंगालकर विभिन्न पहलुओं का आकलन किया है. केंद्र सरकार का मानना है कि यह पेंच सुलझाने के लिए सुप्रीम कोर्ट को खुद स्पष्ट करना होगा कि इस फैसले को जमीन पर कैसे लागू किया जाए. इसी को लेकर केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दाखिल की है. इस पर फैसला आना अभी बाकी है.
OBC क्रीमी लेयर विवाद और आईएएस ट्रेनिंग का संकट
सुप्रीम कोर्ट के 11 मार्च के फैसले के बाद उपजे कंफ्यूजन ने प्रशासनिक महकमे की स्पीड धीमी कर दी है. साथ ही ट्रेनी अधिकारियों की धड़कनें भी बढ़ा दी हैं. निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक, आईएएस की ट्रेनिंग अगस्त के तीसरे हफ्ते से शुरू होनी थी, जो अब तक अटकी हुई है. हालांकि, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने भरोसा दिलाया है कि ट्रेनिंग में हो रही देरी से अधिकारियों की सेवा शर्तों या सीनियॉरिटी पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा. विभाग जल्द ही ट्रेनिंग शुरू करने के लिए तैयार है.
क्या इसका असर सिर्फ यूपीएससी तक सीमित है?
लोग जानना चाहते हैं कि क्या यह विवाद सिर्फ यूपीएससी तक सीमित है? जवाब है- बिल्कुल नहीं. इस फैसले का दायरा बहुत बड़ा हो सकता है. अगर नियम पुरानी भर्तियों पर भी लागू किए जाते हैं तो इसका असर SSC, रेलवे भर्ती बोर्ड और बैंकिंग सेक्टर की कई पुरानी और मौजूदा भर्तियों पर पड़ सकता है. IIT, IIM, एम्स और NIT में पहले हो चुके OBC दाखिलों पर भी इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है. जिनको पहले वेतन या अन्य आधारों पर क्रीमी लेयर मानकर बाहर कर दिया गया था, वे अब दोबारा जांच की मांग कर सकते हैं.
पुरानी भर्तियों को लेकर सबसे बड़ी चिंता क्या है?
अगर सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला पुरानी भर्तियों पर लागू होता है तो स्थिति काफी बदल सकती है. पिछले 10-14 सालों के दौरान जिन ओबीसी उम्मीदवारों को क्रीमीलेयर के नियमों के कारण आरक्षण का पूरा लाभ नहीं मिल पाया था, वे अपनी रैंक, सेवा (जैसे IAS, IPS, IRS) और कैडर बदलने की मांग कर सकते हैं. अगर पहले से चयनित उम्मीदवारों को पिछली किसी तारीख से Seniority दी जाती है तो स्थिति गंभीर हो सकती है. इससे पिछले एक दशक से अधिक समय से अपनी सेवाएं दे रहे मौजूदा अधिकारियों की सीनियॉरिटी, कैडर और सेवा शर्तों पर संकट या कानूनी पेच खड़ा हो सकता है.
अब आगे क्या होगा और कोर्ट के फैसले का इंतजार
फिलहाल केंद्र सरकार ने पिछले साल 24 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी. इस पर अदालत ने 24 सितंबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था. यह फैसला अभी तक आना बाकी है. सरकार और संबंधित विभाग चाहते हैं कि सर्वोच्च अदालत स्पष्ट कर दे कि नियमों का बदलाव किस श्रेणी की भर्तियों पर लागू होगा. जब तक कोर्ट की तरफ से हरी झंडी नहीं मिलती, तब तक स्टूडेंट्स और प्रशासन दोनों के लिए स्थिति असमंजस से भरी रहेगी.
इस घटनाक्रम से क्या सीख मिलती है?
- कानूनी स्पष्टता का महत्व: किसी भी बड़े आरक्षण या नीतिगत फैसले में स्पष्ट गाइडलाइंस होनी चाहिए. इससे बाद में प्रशासनिक और अदालती पेंच नहीं फंसेगा.
- भविष्य की नीतियां: आने वाले समय में रिक्रूटमेंट बोर्ड्स को ऐसे नियमों को पहले से ही ट्रांसपेरेंट बनाना होगा. इससे पुरानी भर्तियों पर अनचाहा दबाव नहीं पड़ेगा.
- सतर्कता जरूरी: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को ऐसे नीतिगत बदलावों और अदालती फैसलों पर पैनी नजर रखनी चाहिए. इससे उन्हें अपने अधिकारों की सही जानकारी रहेगी.

