Last Updated:
upchunav results today live: मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर 71.44 प्रतिशत, गुजरात के मांजलपुर सीट पर 37.5 प्रतिशत और बिहार की बांकीपुर उपचुनाव में 34.30 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया था.

दतिया, मांजलपुर और बांकीपुर उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू होने वाली है. (पीटीआई)
नई दिल्ली. बिहार के बांकीपुर, गुजरात के मांजलपुर और मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के वोटों का गिनती शुरू हो चुकी है. इन सभी सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुए थे. सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है. हालांकि, पूरा नतीजा आने से काफी समय लग सकता है, लेकिन दोपहर 12 से एक बजे कर स्थिति साफ होने की उम्मीद है.
बांकीपुर उपचुनाव: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण खाली हुई बांकीपुर सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और कांग्रेस समर्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता के बीच मुकाबला माना जा रहा है.
मांजलपुर उपचुनाव: भाजपा के वरिष्ठ विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल का लंबी बीमारी के बाद दो जून को निधन हो जाने की वजह से मांजलपुर सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था. इस विधानसभा सीट के लिए सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है. सत्तारूढ़ भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने अपनी प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी पर दांव लगाया है.
दतियाउपचुनाव: धोखाधड़ी के एक मामले में कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को जेल की सजा मिलने के बाद दतिया सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा है. यहां मुख्य मुकाबला आशुतोष तिवारी (भाजपा) और घनश्याम सिंह (कांग्रेस) के बीच है, लेकिन आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव इसे त्रिकोणीय बनाने की कोशिश कर रहे हैं. कुल 21 उम्मीदवार मैदान में हैं. सोमवार के नतीजे नए विधायक का फैसला करेंगे और इस दिलचस्प राजनीतिक लड़ाई का नतीजा तय करेंगे.
upchunav results today live:
upchunav results today live: बांकीपुर में बीजेपी को जीत का भरोसा, बनवाए जा रहे 200 क्विंटल लड्डू
बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है. नतीजों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता जीत को लेकर आश्वस्त हैं. बांकीपुर में जश्न की तैयारियां भी शुरू हो चुकी है. जीत की खुशी में 200 क्विंटल लड्डू बनवाए जा रहे हैं. भाजपा की प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्ण कुमार कल्लू ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “बांकीपुर में भाजपा-एनडीए के प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की भव्य जीत हो रही है. इसलिए जश्न की भी भव्य तैयारी चल रही है. हम 200 क्विंटल लड्डू बना रहे हैं. सभी जनमानस के बीच में लड्डू बांटे जाएंगे. सुबह 11 बजे से समर्थकों को लड्डू बांटे जाएंगे.”
upchunav results today live: बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर में काउंटिंग शुरू
भारी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर में उपचुनाव नतीजों की काउंटिंग शुरू हो चुकी है. सबसे पहले पोस्टल बैलेट के वोटों की गिनती हो रही है. बांकीपुर में सबकी नजरें प्रशांत किशोर पर टिकी हैं. नितिन नवीन के राज्यससभा में जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी.
upchunav results today live: बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना का काउंटडाउन शुरू, 25 उम्मीदवारों का भाग्य होगा तय
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में 30 जुलाई को हुए मतदान की मतगणना के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. मतगणना 3 अगस्त को होगी और इसके साथ ही सभी 25 उम्मीदवारों का भाग्य तय होगा. जिला प्रशासन और चुनाव आयोग ने पटना के कला भवन, एएन कॉलेज में मतगणना प्रक्रिया की तैयारियां पूरी कर ली हैं. ईवीएम को तीन स्तरीय सुरक्षा में रखा गया है, जिसमें केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 25 कंपनियां और बीएसएपी (बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस) के जवान तैनात हैं.
upchunav results today live: दतिया में बीजेपी और कांग्रेस दोनों को जीत का भरोसा
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती सोमवार की सुबह से शुरू होगी. इस चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं. हालांकि, असली नतीजा 3 अगस्त की दोपहर तक ही साफ हो पाएगा, जब वोटों की गिनती पूरी होगी. रविवार को जिला कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में बने वोटों की गिनती के केंद्र का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि वोटिंग शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और इसमें 71.40 प्रतिशत मतदान हुआ.
upchunav results today live: काउंटिंग से पहले कांग्रेस ने MLA रहे राजेंद्र भारती को पार्टी से निकाला
मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के सोमवार को घोषित होने वाले परिणाम से पहले कांग्रेस ने रविवार रात पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया. भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण ही दतिया सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी थी. भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में राज्य के तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,700 से अधिक मतों से हराया था. दिल्ली की एक अदालत ने इसी वर्ष अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन साल के कारावास की सजा सुनाई थी. इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा.

