नई दिल्ली (UP Board Exam 2027). उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने यूपी बोर्ड 10वीं, 12वीं परीक्षाओं का शेड्यूल upmsp.edu.in पर जारी कर दिया है. यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट के अनुसार, एग्जाम 05 फरवरी 2027 से शुरू हो जाएंगे. अगर आज यानी 13 अक्टूबर 2026 दिनों की गिनती करें तो यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के शुरू होने में लगभग 115 दिन बाकी हैं. यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के पास 4 महीने से भी कम बचा है.
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 कब होगी?
- 5 फरवरी को पहली पाली में 10वीं की हिंदी और प्रारंभिक हिंदी परीक्षा.
- 5 फरवरी को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी और सामान्य हिंदी की परीक्षा.
बचे हुए समय का लगाएं सही हिसाब
13 अक्टूबर 2026 से लेकर 05 फरवरी 2027 तक आपके पास कुल मिलाकर लगभग 115 दिन हैं. अगर इसमें से दीपावली, ठंड की छुट्टियां और रोजाना के अन्य कामों का समय निकाल दें तो भी आपके हाथ में ठोस पढ़ाई के लिए कम से कम 100 दिन बचते हैं. इसलिए समय बर्बाद किए बिना हर दिन का टारगेट सेट करें. अब पूरी रात बिना किसी प्लानिंग के पढ़ने वाले दिन जा चुके हैं. इन 100 दिनों को हफ्तों और महीनों में बांट लीजिए. हर विषय को उसके सिलेबस के हिसाब से दिन दें.
स्मार्ट स्टडी प्लान: एक साथ न पढ़ें पूरा सिलेबस
यूपी बोर्ड परीक्षा के टॉपर कभी भी पूरी किताब को एक बार में याद करने की कोशिश नहीं करते. वे हमेशा ‘स्मार्ट स्टडी’ का सहारा लेते हैं. सबसे पहले पिछले 5 साल के यूपी बोर्ड के पुराने पेपर और मॉडल पेपर निकालिए. उनसे एनालाइस करें कि किस चैप्टर से सबसे ज्यादा सवाल पूछे जाते हैं. इसके अलावा, अपने खुद के शॉर्ट नोट्स बनाना शुरू करें. परीक्षा से एक रात पहले पूरी मोटी किताब पढ़ने का समय किसी के पास नहीं होता. उस वक्त ये शॉर्ट नोट्स ही सबसे बड़ा हथियार बनते हैं.
आंसर राइटिंग प्रैक्टिस और टाइम मैनेजमेंट
किसी भी परीक्षा में नंबर आपकी तैयारी के आधार पर नहीं, बल्कि लिखे हुए उत्तरों के बेसिस पर मिलते हैं. यूपी बोर्ड की परीक्षा में अक्सर स्टूडेंट्स का पेपर छूट जाता है. दरअसल, उनकी लिखने की स्पीड कम होती है या उन्होंने कभी लिखकर प्रैक्टिस नहीं की होती.
- हफ्ते में कम से कम दो बार घर पर मॉक टेस्ट दें.
- 3 घंटे का टाइमर सेट करके पुराने पेपर को खुद हल करने की कोशिश करें. इससे अंदाजा होगा कि कौन सा सवाल कितने समय में हल हो रहा है.
- इसके साथ ही अपनी लिखावट (Handwriting) पर खास ध्यान दें. कॉपी जितनी साफ-सुथरी और सुंदर होगी, परीक्षक उतने ही अच्छे नंबर देगा.
फिजिकल और मेंटल हेल्थ का भी रखें पूरा ध्यान
कई स्टूडेंट्स एग्जाम स्ट्रेस में अपनी सेहत से खिलवाड़ कर लेते हैं. वे रात-रात भर जागकर पढ़ाई करते हैं, जिससे उनका दिमाग सुस्त हो जाता है और परीक्षा हॉल में सब कुछ भूलने लगते हैं. यह बहुत बड़ी गलती है. तैयारी के दौरान कम से कम 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद जरूर लें. घर का बना पौष्टिक खाना खाएं और बीच-बीच में थोड़ा टहलें या अपना पसंदीदा संगीत सुनें. मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहेंगे तो चीजें लंबे समय तक याद रहेंगी. इससे आप परीक्षा के दिन पूरी एनर्जी के साथ अपना बेस्ट दे पाएंगे.

