Maharashtra Operation Tiger Live Updates: महाराष्ट्र की सियासत में ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर हलचल चरम पर पहुंच गई है. उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी में बगावत की अटकलें आखिरकार सच साबित हुई और पार्टी के 9 में से 6 सासंद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं. इस बीच इन बागी सांसदों को संजय राउत ने खुली चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि जो सांसद पार्टी छोड़ेंगे, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा.
दरअसल शिवसेना यूबीटी के सभी 6 बागी सांसद मंगलवार को दिल्ली पहुंच गए थे. उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर खुद को अलग गुट बताते हुए एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने की जानकारी दी थी. इन बागी सांसदों में संजय संजय देशमुख, दीना पाटिल, नागेश पाटिल अष्टीकर, ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे और संजय जाधव के नाम शामिल हैं.
उधर शिवसेना (यूबीटी) की वरिष्ठ नेता प्रियंका चर्तुवेदी ने पार्टी में बगावत पर एक तरह से मुहर लगाते हुए बीजेपी को चेतावनी दी है. उन्होंने इन बागियों की तुलना सांपों से करते हुए बीजेपी को चेताया है कि कल ये उसे भी डसेंगे.
उधर शिवसेना यूबीटी ने भी इस बगावत की काट के लिए चाल चल दी है. उद्धव ठाकरे के वफादार शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि पार्टी के किसी भी सांसद के अलग गुट बनाने या किसी अन्य दल में विलय को मान्यता न दी जाए. सावंत ने इस पत्र में लिखा है कि शिवसेना यूबीटी एक ही राजनीतिक दल है और कानून की नजर में वही मान्य है. शिवसेना यूबीटी ने कहा कि संसद में पार्टी का अस्तित्व मूल राजनीतिक दल से आता है, इसलिए अलग-अलग गुट बनाकर उसी पार्टी का प्रतिनिधित्व करने का दावा नहीं किया जा सकता.
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : क्या उन्हें कानून की समझ भी है? संजय राउत की धमकी पर नरेश म्हस्के का पलटवार
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE: शिवसेना (UBT) में मची राजनीतिक उथल-पुथल के बीच शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने संजय राउत और अरविंद सावंत के बयानों पर तीखा पलटवार किया है. म्हस्के ने संजय राउत की कानूनी समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सांसद अपनी मर्जी से पार्टी छोड़ रहे हैं तो उन्हें खुलेआम गालियां और धमकियां क्यों दी जा रही हैं? उन्होंने अरविंद सावंत को वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा कि हम उनका सम्मान करते हैं लेकिन इस तरह की धमकियां बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए. म्हस्के ने साफ किया कि लोकतंत्र और संसद के नियम-कानून सभी को अच्छी तरह पता हैं इसलिए डराने-धमकाने की राजनीति बंद होनी चाहिए.
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : लोकतंत्र बचाने के लिए दूसरी आज़ादी’ की जंग लड़नी होगी… शिवसेना (UBT) में बड़ी टूट पर पृथ्वीराज चौहान का बयान
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चौहान ने दावा किया है कि शिवसेना (UBT) के 9 में से 6 सांसदों ने अलग गुट बनाने या शिंदे गुट में जाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है. उन्होंने कहा कि 14 जून की मातोश्री बैठक में केवल 4 सांसदों की उपस्थिति से ही इसका अंदेशा हो गया था. चौहान ने भाजपा पर विपक्ष को खत्म कर एक नेता, एक पार्टी का फासीवादी शासन थोपने और क्षेत्रीय दलों (DMK, TMC, शिवसेना) को तोड़ने का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताया. उन्होंने लोकतंत्र बचाने के लिए जनता से दूसरी आजादी की लड़ाई की तरह सड़क पर उतरने का आह्वान किया. वहीं, पश्चिम बंगाल चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि धांधली छिपाने के लिए ईवीएम (EVM) जला दी गईं. उन्होंने महज 6% वोट शेयर के अंतर पर भाजपा की बंपर जीत को संदेहास्पद बताते हुए राहुल गांधी की वोट चोरी के खिलाफ मुहिम का समर्थन किया.
सपा में मचेगी भगदड़? ओपी राजभर का बड़ा दावा, बोले – अब उत्तर प्रदेश में होगी सबसे बड़ी राजनीतिक टूट
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा दावा किया है. राजभर ने कहा कि सपा में जल्द बड़ी टूट देखने को मिल सकती है. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है और कई नेता अलग राह चुन सकते हैं.
ओपी राजभर ने सपा नेतृत्व पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए. उन्होंने कहा कि खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले के बारे में पूरा प्रदेश जानता है. उनके मुताबिक जांच एजेंसियां पहले ही अवैध खनन मामले में अखिलेश यादव का नाम दर्ज कर चुकी हैं. उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जांच का दायरा बढ़ रहा है, वैसे-वैसे सपा की बेचैनी भी बढ़ रही है.
पत्रकारों से बातचीत में राजभर ने दावा किया कि सिर्फ महाराष्ट्र या पश्चिम बंगाल की राजनीति पर नजर रखने की जरूरत नहीं है, अब उत्तर प्रदेश में भी बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है. उन्होंने रामगोपाल यादव द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखे जाने का जिक्र करते हुए कई सवाल खड़े किए. हालांकि उनके इन दावों पर समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : शिवसेना यूबीटी के बागी सांसदों के घर बढ़ाई गई सुरक्षा
उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) से बगावत करने वाले सांसदों के खिलाफ महाराष्ट्र में पार्टी कार्यकर्ता के भीषण खूब गुस्सा देखा जा रहा है. इसी को देखते हुए पार्टी के बागी सांसद संजय दीना पाटिल के घर पर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सूत्रों के मुताबिक, कार्यकर्ताओं की संभावित नाराजगी और विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : टूट गई उद्धव की सेना, शिंदे गुट में शामिल 6 बागी सांसद
उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी में बगावत की अटकलें आखिरकार सच साबित हुई और पार्टी के 9 में से 6 सासंद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं. पढ़ें विस्तार से खबर…
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE Updates : उद्धव सेना में बगावत के बीच संसद भवन पहुंचे संजय राउत, ओम बिरला से की मुलाकात
शिवसेना (यूबीटी) में संभावित टूट की अटकलों के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत बुधवार को संसद भवन पहुंचे. उनके साथ लोकसभा सांसद अरविंद सावंत और अनिल देसाई भी मौजूद थे. तीनों नेता संसद भवन स्थित लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात करने उनके ऑफिस में पहुंचे. यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट के संपर्क में होने और अलग गुट बनाने की चर्चाएं तेज हैं.
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : कल देर रात ही ‘ऑपरेशन टाइगर’ शुरू किया… सांसदों की बगावत पर बोले शिवसेना यूबीटी नेता
‘ऑपरेशन टाइगर’ पर शिवसेना (यूबीटी) के आनंद दुबे ने कहा, ‘इन लोगों ने कल देर रात ‘ऑपरेशन टाइगर’ शुरू किया. सत्ता का इस तरह इस्तेमाल और दुरुपयोग करके, उन्होंने समाज में ऐसा माहौल बना दिया है कि यहां कोई विपक्ष टिक ही नहीं सकता… आपको इतने सारे सांसदों की क्या जरूरत है? आप TMC को तोड़ रहे हैं. आप हमारी पार्टी को तोड़ रहे हैं. इससे पहले आपने शिवसेना और शरद पवार की पार्टी को भी तोड़ा था…’
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : घर से दफ्तर के लिए निकले ओम बिरला, उद्धव सेना के बागियों से होगी मुलाकात
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला अपने आवास से दफ्तर के लिए निकल चुके हैं. शिवसेना उद्धव गुट के बागी सासंदों की मुलाकात पहले उनके आवास पर होनी थी, लेकिन अब खबर है कि ये सभी सांसद उनके दफ्तर जाकर मुलाकात करेंगे.
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : ‘मीडिया में झूठ चल रहा, सारे सांसद हमारे साथ…’ शिवसेना यूबीटी के सांसद अरविंद सावंत का दावा
वहीं इस पीसी में मौजूद अरविंद सावंत ने कहा, ‘मीडिया में झूठ चल रहा है. किसी ने नहीं कहा कि वो छोड़कर जा रहे हैं. ओम बिड़ला जी को चिट्ठी लिखी है, जिसमें कहा है कि जो भी हो संविधान के तहत हो. संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. सांसदों से बात हुई तो उन्होंने कहा कि हम लोग आपके साथ हैं. संसदीय दल की बैठक 18 जून को संसदीय भवन में होगी. किसी ने अभी तक खंडन नहीं किया है कि हम आपके नहीं हैं. अभी भी हम कह रहे हैं कि सब साथ हैं.’
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : ‘सबने उद्धव जी के साथ रहने की कसम खाई…’ शिवसेना (यूबीटी) में बगावत पर संजय राउत का फूटा गुस्सा
संजय राउत ने इसके साथ ही रविवार को मातोश्री में उद्धव ठाकरे के साथ हुई बैठक का जिक्र करते हुए कहा, ’14 को सभी सांसदों के साथ मीटिंग हुई, जिसमें कुछ फिजिकली थे और चार ऑनलाइन थे. सबने उद्धव जी के साथ होने की कसम खाई. एक सांसद ने साईं बाबा, साईं भवानी और मां की कसम खाई कि वो उद्धव जी के साथ रहेंगे. ये मशाल चिन्ह पर जीतकर आए. ये मोदी जी या शिंदे जी के चेहरे पर नहीं जीते. इन सभी को 15-15 करोड़ दिया गया. कल मीटिंग में व्हिप जारी किया है.’
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : ‘फिर तो चुनाव लड़ने का कोई मतलब नहीं’ उद्धव सेना में टूट पर बोले संजय राउत- ऑपरेशन टाइगर आसान नहीं
शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सासंद संजय राउत के घर प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है. इस पीसी में संजय राउत ने कहा, ‘ऑपरेशन टाइगर आसान नहीं है. हमें ऐसे ऑपरेशन के बारे में मीडिया से पता चल रहा है. अगर ऐसा है, तो इस देश में चुनाव लड़ने का कोई मतलब नहीं है. मैं यह भी कहना चाहूंगा कि जिन सांसदों के नामों का ज़िक्र हो रहा है, उनकी जानकारी मुझे नहीं है. कुछ लोग कहते हैं कि वे दिल्ली में हैं, कुछ कहते हैं कि वे मुंबई में हैं, जबकि कुछ का दावा है कि वे अपने चुनाव क्षेत्रों में हैं. आपको उनसे संपर्क करना चाहिए. ये सभी सांसद शिवसेना के ‘जलती हुई मशाल’ चुनाव चिह्न पर चुने गए थे.’
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : ‘मैं उद्धव ठाकरे के साथ…’ शिवसेना यूबीटी के सांसद ने ऑपरेशन टाइगर की निकाली हवा
उद्धव ठाकरे के करीबी और शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत के घर पर थोड़ी ही देर में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस होने वाली है. इस बीच अनिल देसाई और अरविंद सावंत संजय राउत के घर पहुंच गए हैं. खबर है कि ये दोनों प्रेस ब्रीफिंग में साथ रहेंगे. हालांकि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीन के बजाय चार कुर्सियां रखी गई हैं. खबर है कि राजाभाऊ वाजे भी इस ब्रीफिंग में शामिल हो सकते हैं. वह दिल्ली पहुंच चुके हैं, लेकिन अभी तक संजय राउत के घर नहीं आए हैं.
नासिक से शिवसेना (UBT) के सांसद राजाभाऊ वाजे से इससे पहले News18 से बातचीत में कहा था, ‘मैं दिल्ली जा रहा हूं. मेरी कुछ मीटिंग्स तय हैं. मैं उद्धव ठाकरे के साथ हूं और कहीं और जाने के बारे में नहीं सोच रहा हूं. मैं संजय राउत से मिलूंगा.’
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE Updates : संजय राउत के घर बड़ी बैठक, शिवसेना यूबीटी ने सांसदों को जारी किया व्हिप
राजधानी दिल्ली में संजय राउत के घर पर एक जरूरी मीटिंग चल रही है. बताया जा रहा है कि इस बैठक में अनिल देसाई और कुछ लीगल एक्सपर्ट मौजूद हैं. अरविंद सावंत के भी जल्द ही मीटिंग में शामिल होने की उम्मीद है. इस बीच शिवसेना यूबीटी ने 18 जून को संसदीय दल की बैठक के लिए अपने सभी सांसदों को व्हीप जारी किया है. इस बीच खबर यह है कि लोकसभा स्पीकर से पहले उद्धव गुट के बागी सांसद मुलाकात कर सकते हैं. उसके बाद उद्धव गुट के बचे सांसद मिल सकते हैं. सुबह ही ये दोनों मुलाकात प्रस्तावित है.
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : ‘सांपों की फितरत ही डंसना…’ उद्धव सेना में बगावत पर प्रियंका चतुर्वेदी की मुहर, बीजेपी को चेताया
शिवसेना (यूबीटी) की वरिष्ठ नेता प्रियंका चर्तुवेदी ने पार्टी में बगावत पर एक तरह से मुहर लगाते हुए बीजेपी को चेतावनी दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘बीजेपी इस भ्रम में ना रहे के सपोलों की टोली जमा करके, सांपों को दूध पिलाएंगे और वह सिर्फ़ विपक्ष को डसेंगे. आपका समय भी आएगा, क्योंकि सांप की फ़ितरत ही डंसना है, आज अगर हमारी बारी है , कल आपकी भी हो सकती है.’
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : दिल्ली में बागियों का डेरा, उधर जयपुर चले गए एकनाथ शिंदे, उद्धव की शिवसेना की टूट में नया ट्विस्ट
उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) में टूट की अटकलों के बीच बड़ा ट्विस्ट देखने को मिला है. एक तरफ से शिवसेना (यूबीटी) के बागी विधायक दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ एकनाथ शिंदे के जयपुर पहुंचने की खबर है. शिवसेना से जुड़े सूत्रों ने News18 इंडिया को बताया कि एकनाथ शिंदे एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जयपुर गए हैं. शिंदे के करीबी सूत्रों ने बताया कि पार्टी में किसी भी सांसद का विलय 19 जून को शिवसेना की स्थापना दिवस के बाद ही होगा.
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE: दिल्ली में 5 स्टार होटल में डटे शिवसेना यूबीटी के बागी सांसद
शिवसेना उद्धव गुट के बागी सांसद फिलहाल दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में ठहरे हुए हैं. आज ये सभी दिल्ली में श्रीकांत शिंदे और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं.
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : हदगांव से हैदराबाद और फिर दिल्ली… शिवसेना यूबीटी के एक और सांसद ने पकड़ी फ्लाइट, उद्धव की बढ़ी टेंशन
उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीट) के हिंगोली से सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर दिल्ली रवाना हो गए हैं. सूत्रों के अनुसार, नागेश मंगलवार रात हदगांव से हैदराबाद और वहां से दिल्ली गए हैं. कल रात नांदेड़ हवाई अड्डे से परभणी के सांसद संजय जाधव और यवतमाल के सांसद संजय देशमुख एक निजी विमान से दिल्ली रवाना हुए थे. तभी से ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
मंगलवार से ही सांसद आष्टीकर का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा था. नांदेड़ के डॉक्टरीन क्षेत्र स्थित कृष्णकुंज इमारत में सांसद आष्टीकर का फ्लैट है, लेकिन वहां भी उनके परिवार का कोई सदस्य उपलब्ध नहीं था. इस बीच जानकारी सामने आई है कि सांसद आष्टीकर मंगलवार रात हदगांव से हैदराबाद पहुंचे और वहां से दिल्ली के लिए रवाना हुए.
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : एकनाथ शिंदे कैंप में 19 जून को शामिल होंगे उद्धव के बागी सांसद- सूत्र
उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी में टूट की अटकलों के बीच खबर है कि एकनाथ शिंदे कैंप 19 जून को बागी सांसदों को पार्टी में शामिल करने का ऐलान कर सकता है. दरअसल 19 जून को शिवसेना का वर्धापन दिवस है. इसी दिन 4 साल पहले एकनाथ शिंद ने उद्धव से बगावत करके शिवसेना में दोफाड़ किया था. ऐसे में उसी दिन वह उद्धव ठाकरे को एक और चोट देने की तैयारी में हैं. इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर यह भी है कि उद्धव गुट के 6 बागी सांसदों में से एक सांसद को केंद्रीय मंत्री बनाने का भी ऑफर दिया गया है.
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE Updates: ‘अपना सपना मनी..मनी..!’ उद्धव से दगाबाजी के लिए सांसदों को मिले 15-15 करोड़, संजय राउत का दावा
‘ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चा के बीच शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने बड़ा आरोप लगाया है. राउत ने सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट में दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों को खरीदने के लिए 15-15 करोड़ रुपये एडवांस दिए जा रहे हैं. संजय राउत का कहना है कि उद्धव गुट के सभी 9 सांसद एकजुट हैं.
अपना सपना मनी..मनी..!
Apna Sapna Money Money!
It’s shocking and revolting that Maharashtra MPs are reportedly being offered ₹15 crore each tonight to switch sides.@Dev_Fadnavis
— Sanjay Raut (@rautsanjay61) June 16, 2026
Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : उद्धव ठाकरे की शिवसेना में टूट रोकने की नई चाल, संजय राउत के घर पर टिकी नजर
महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर को लेकर जारी सियासी अटकलों के बीच उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी आज सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है. ये प्रेस कॉन्फ्रेंस सांसद संजय राउत के घर पर होगी. खास बात ये है कि इसमें दिल्ली में मौजूद ठाकरे गुट के सभी सांसदों के शामिल होने की बात कही जा रही है. ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में कौन-कौन सांसद मौजूद रहते हैं और कौन नजर नहीं आता, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से पार्टी के भीतर टूट और सांसदों के अलग होने की चर्चाएं लगातार तेज हैं.

