हैदराबाद : तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में एक परेशान कर देने वाली घटना हुई। यहां के चेवेल्ला में एक बंद कार में फंसने से दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दम घुटने से उनकी जान चली गई। बच्चियों के नाम अभिनया श्री (4) और तन्मयी श्री (5) था। दोनों चचेरी बहनें थीं और साथ ही खेल रही थीं। खेल-खेल में पड़ोसी की बंद खड़ी कार में लॉक हो गई और अंदर ही उनका दम घुट गया।तेलंगना की चेवेल्ला पुलिस ने बताया कि दोनों बच्चियां अपने माता-पिता के साथ अपने दादा-दादी के घर आई थीं। उनके चाचा के लिए शादी का प्रस्ताव आने वाला था। पूरा घर मेहमानों के स्वागत के लिए तैयारियो में जुटा था और दोनों बच्चियां यहां-वहां खेलने में जुटी थीं।
घर के बाहर खेल रही थीं बच्चियां
घटना दोपहर करीब 1.30 बजे हुई। पुलिस ने बताया कि बच्चे बाहर खेल रहे थे। परिवार के बाकी सदस्य घर के अंदर थे। खेलते समय, बच्चे घर के सामने खड़ी एक कार में घुस गए। जैसे ही वे कार में घुसे, दरवाजे अपने आप बंद हो गए। दोनों अंदर चिल्लाती रहीं। कार के दरवाजे पीटती रहीं लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी।
कार में मिलीं बेहोश
लगभग एक घंटे बाद, माता-पिता ने देखा कि बच्चे गायब हैं। उन्होंने बच्चियों को आवाज लगाना शुरू किया। जवाब नहीं मिलने पर उनकी तलाश शुरू कर दी। हर संभावित जगह पर खोजने के बाद, वे आखिरकार दानों कार के अंदर बेहोश पड़ी नजर आईं। परिवार के सदस्यों ने दरवाजे खोले और उन्हें तुरंत एक स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार के सदस्यों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। वे इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते थे।

