Last Updated:
TCS New Data Centre : टीसीएस ने तेलंगाना की राजधानी हैदाराबाद में 70 हजार करोड़ रुपये के निवेश से एआई डाटा सेंटर बनाने का ऐलान किया है. इसके लिए सरकार ने 264 एकड़ जमीन भी उपलब्ध कराई है. इस प्रोजेक्ट से सीधे तौर पर हजारों नौकिरयां पैदा होने का अनुमान है. साथ ही यह देश का सबसे बड़ा एआई डाटा सेंटर परिसर भी होगा.
टीसीएस ने हैदराबाद में 70 हजार करोड़ के निवेश का ऐलान किया है.
नई दिल्ली. देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की सब्सिडयरी ‘हाइपरवॉल्ट’ ने हैदराबाद में बड़े स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) डेटा सेंटर परिसर विकसित करने का फैसला किया है. इसके लिए सरकार से 264 एकड़ जमीन भी हासिल कर ली है. कंपनी ने शनिवार को बताया कि इस प्रोजेक्ट पर कुल 70,000 करोड़ रुपये तक का निवेश किया जाएगा.
हाइपरवॉल्ट ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस उद्देश्य के लिए तैयार किए जा रहे परिसर की क्षमता एक गीगावाट (जीडब्ल्यू) तक होगी. कंपनी ने हैदराबाद में एक गीगावाट तक क्षमता वाला बड़े स्तर का एआई डेटा सेंटर परिसर विकसित करने के लिए 264 एकड़ जमीन हासिल की है. इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कई हजार रोजगार पैदा होंगे. हाइपरवॉल्ट और उसके साझेदार इस बुनियादी ढांचे के निर्माण और प्रबंधन में 70,000 करोड़ रुपये तक निवेश करेंगे.
तेलंगाना सरकार ने प्रोजेक्ट को सराहा
कंपनी ने बताया है कि इस परियोजना को ग्राहकों की मांग और प्रौद्योगिकी संबंधी जरूरतों के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा. तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने इस परियोजना को राज्य और देश के लिए ऐतिहासिक करार दिया है. उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि हैदराबाद अब बुनियादी ढांचे पर मजबूत ध्यान देने के साथ ग्लोबल एआई क्रांति में सबसे आगे है. यह दशक एआई का है. एआई मॉडल और कंप्यूटिंग तक पहुंच तेजी से सार्वजनिक बुनियादी ढांचे का हिस्सा बन रही है और इस कंप्यूटिंग क्षमता का तेलंगाना में होना हमें बढ़त देता है.
खास होगी इस डाटा सेंटर की डिजाइन
कंपनी ने कहा कि परिसर के निर्माण में ग्रीन एनर्जी और अलग से पानी की व्यवस्था जैसे डिजाइन के सिद्धांतों का इस्तेमाल किया जाएगा. टीसीएस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) के कृतिवासन ने कहा कि यह पहल कंपनी की इन्फ्रास्ट्रक्चर-टू-इंटेलिजेंस रणनीति को आगे बढ़ाती है. इसके तहत एआई के लिए तैयार बुनियादी ढांचे को कंपनी की क्लाउड, एआई और उद्यम संबंधी क्षमताओं के साथ जोड़ा जाएगा.
देश का सबसे बड़ा एआई इन्फ्रा
टीसीएस ने बताया है कि एक बार यह प्रोजेक्ट अपनी पूरी क्षमता से काम करना शुरू कर देगा तो यह देश का सबसे बड़ा एआई इन्फ्रा प्रोजेक्ट बन जाएगा. तेलंगाना के आईटी एवं इंडस्ट्री मंत्री डी श्रीधर बाबू ने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर मुख्यमंत्री और टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के बीच इस साल जनवरी में दावोस में हुए वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम के दौरान ही सहमति बन गई थी. इसके बाद सरकारी अधिकारियों, हाइपरवॉल्ट और टीसीएस के बीच बातचीत के साथ ही इस पर काम भी शुरू कर दिया गया है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें

