Last Updated:
Tax Collection : केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन के आंकड़े जारी किए हैं, जिसमें बताया गया है कि चालू वित्तवर्ष के शुरुआती 6 महीने के भीतर ही 12 लाख करोड़ से ज्यादा की वसूली है. इसमें खास बात ये है कि इस बार कॉरपोरेट टैक्स ने सरकार का जमकर खजाना भरा है.
6 महीने में डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 13 फीसदी बढ़ गया है.
नई दिल्ली. वित्तवर्ष 2027 शुरू हुए अभी 6 महीने भी नहीं बीते हैं और सरकार के खजाने में 12 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम आ गई है. केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड यानी सीबीडीटी ने शुक्रवार को आंकड़े जारी कर बताया कि अप्रैल से 17 सितंबर तक शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 13 प्रतिशत बढ़कर 12.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है. इस दौरान कॉरपोरेट क्षेत्र ने जमकर एडवांस्ड टैक्स जमा कराया है. सीबीडीटी ने बताया कि चालू वित्तवर्ष में एडवांस्ड टैक्स कलेक्शन 16.18 प्रतिशत बढ़कर करीब 5.22 लाख करोड़ रुपये रहा.
आंकड़ों में साफ दिख रहा है कि एडवांस्ड टैक्स जमा करने में कॉरपोरेट सेक्टर का बड़ा योगदान रहा है. कॉरपोरेट सेक्टर का कलेक्शन 18 फीसदी बढ़कर 4.16 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है. इस दौरान गैर-कॉरपोरेट सेक्टर यानी पर्सनल और हिंदू अविभाजित परिवार (एचयूएफ) से एडवांस्ड टैक्स कलेक्शन 9.24 फीसदी बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है. सरकार ने इसमें से काफी पैसा रिफंड भी किया है. सीबीडीटी ने बताया है कि 17 सितंबर तक कर कुल रिफंड 29.19 फीसदी बढ़कर 2.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है.
कितना रहा कुल डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन
सीबीडीटी ने बताया कि कुल प्रत्यक्ष कर संग्रह 15 फीसदी बढ़कर 14.32 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा. इसमें से ‘रिफंड’ को समायोजित करने के बाद प्रत्यक्ष करों (जिसमें कॉरपोरेट, गैर-कॉरपोरेट कर व प्रतिभूति लेनदेन कर शामिल हैं) का शुद्ध संग्रह 12.96 फीसदी बढ़कर 12.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा. शुद्ध कॉरपोरेट टैक्स कलेक्शन 19.48 फीसदी बढ़कर करीब 5.56 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि गैर-कॉरपोरेट टैक्स कलेक्शन 6 फीसदी बढ़कर 6.16 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा. एक अप्रैल से 17 सितंबर के बीच प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) कलेक्शन 53 फीसदी बढ़कर 40,214 करोड़ रुपये हो गया.
कॉरपोरेट टैक्स में तेज ग्रोथ
पेशेवर सेवा कंपनी ईवाई इंडिया का कहना है कि गैर-कॉरपोरेट टैक्स अब कुल कलेक्शन में 48.7 प्रतिशत का योगदान दे रहा है, जबकि कॉरपोरेट टैक्स की हिस्सेदारी 48.5 प्रतिशत है. ग्रांट थॉर्नटन भारत की टैक्स साझेदार ऋचा सावनी ने कहा कि प्रत्यक्ष कर संग्रह से मजबूती का संकेत मिल रहा है. एडवांस्ड टैक्स के भुगतान में लगातार वृद्धि करदाताओं के भरोसे, कारोबार के प्रदर्शन और कमाई में लगातार ग्रोथ की उम्मीद का सकारात्मक संकेत है. सरकार ने चालू वित्तवर्ष 2026-27 में प्रत्यक्ष कर संग्रह 26.97 लाख करोड़ रुपये वसूलने का लक्ष्य रखा है. यह वित् वर्ष 2025-26 में प्राप्त 23.40 लाख करोड़ रुपये से 15 फीसदी अधिक है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें

